Page Loader
IPL के बीच मिचेल मार्श शादी के बंधन में बंधे, उनकी पत्नी के बारे में जानिए
मिचेल मार्श शादी के बंधन में बंधे (तस्वीर: ट्विटर/@ImMitchelmarsh)

IPL के बीच मिचेल मार्श शादी के बंधन में बंधे, उनकी पत्नी के बारे में जानिए

Apr 10, 2023
03:57 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मिचेल मार्श शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने अपनी मंगेतर ग्रेटा मैक से शादी रचाई है, जिसमें उनके करीबी दोस्त और रिश्तेदार मौजूद रहे। बता दें, मार्श हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की ओर से खेलते हुए नजर आए थे और बीच में शादी के लिए स्वदेश लौटे थे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

परिचय 

कौन हैं मार्श की पत्नी ग्रेटा?

मार्श की पत्नी ग्रेटा एक बिजनेसवुमन हैं और फिलहाल अपने परिवार का ही बिजनेस संभाल रही हैं। ग्रेटा वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया यूनिवर्सिटी से स्नातक हैं। वह 'द फार्म मार्गरेट रिवर' कंपनी की को-डायरेक्टर भी हैं। मार्श और ग्रेटा लंबे समय तक एक-दूसरे के साथ थे और 11 सितंबर, 2021 को इस जोड़ी ने सगाई की थी। अब दोनों ने शादी कर ली है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं।

ट्विटर पोस्ट

देखिए तस्वीरें

मौका 

मार्श की अनुपस्थिति में पॉवेल को मिला था मौका 

DC के गेंदबाजी कोच जेम्स होप ने जानकारी दी थी कि मार्श DC के लिए कम से कम अगले तीन मैचों में नहीं खेल पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में रोवमैन पॉवेल को मौका दिया गया था, लेकिन वह राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ गुवाहटी में खेले गए मैच में कमाल नहीं कर सके थे। बीते शनिवार को खेले गए उस मुकाबले में पॉवेल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए थे।

प्रदर्शन 

IPL 2023 में मार्श ने किया है निराश 

मार्श के लिए अब तक IPL 2023 खराब बीता है। वह अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल सके थे। इसके बाद अपने दूसरे मैच में भी उन्होंने निराश किया था। गुजरात टाइटंस (GT) के विरुद्ध हुए उस मैच में वह सिर्फ 4 रन ही बना सके थे। GT के खिलाफ उन्होंने 3.1 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें 24 रन देते हुए 1 विकेट लिया था।

DC 

हार की हैट्रिक लगा चुकी है DC 

DC के लिए भी IPL 2023 की खराब शुरुआत रही है। डेविड वार्नर की कप्तानी में खेलते हुए DC को अपने पहले मैच में LSG के खिलाफ 50 रन से हार मिली थी। इसके बाद उन्हें GT के विरुद्ध 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। अपने तीसरे मैच में DC का सामना RR से हुआ, जिसमें उन्हें 57 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। अब DC को अगला मैच 11 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेलना है।