भारत में भयानक सड़क हादसे का शिकार हुए माइकल क्लार्क, पूर्व खिलाड़ी ने सुनाई आपबीती
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने हाल ही में एक भयावह सड़क हादसे का खुलासा किया। यह दुर्घटना तब हुई, जब वह अहमदाबाद में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 फाइनल के बाद एयरपोर्ट जा रहे थे। हादसा गंभीर था, लेकिन क्लार्क को केवल मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित बच निकले। उन्होंने इसे डरावना अनुभव बताया और कहा कि मुझे भारत के अच्छे लोगों का शुक्रगुजार होना चाहिए। उनकी वजह से ही मैं सुरक्षित घर पहुंच सका।
बयान
क्लार्क ने कही ये बात
IPL 2026 में कमेंट्री टीम का हिस्सा रहे क्लार्क ने बताया कि उनकी कार एक सेमी-ट्रेलर ट्रक से टकरा गई थी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे जा फंसा। क्लार्क ने बियॉन्ड-23 क्रिकेट पॉडकास्ट में कहा, "मैं सो रहा था। मैच के बाद यात्रा के दौरान नींद आ गई थी। जाहिर है, मैं गाड़ी नहीं चला रहा था। अचानक मेरी आंख खुली तो देखा कि कार का आधा अगला हिस्सा ट्रक के नीचे था।"
चोट
क्लार्क को ज्यादा चोट नहीं आई
क्लार्क केवल मामूली चोटों के साथ बच निकले, लेकिन उन्हें आशंका है कि उनके ड्राइवर के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। उन्होंने कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि उसके पैर में हल्का फ्रैक्चर हुआ था। हादसे के बाद ड्राइवर काफी डरा हुआ था। इसकी वजह यह थी कि वह कार उसकी अपनी नहीं थी और वह एक कंपनी के लिए काम करता था। वह अपनी नौकरी और अन्य परिणामों को लेकर भी चिंतित नजर आ रहा था।"
ड्राइवर
इस कारण हुआ हादसा
क्लार्क ने बताया कि उनके ड्राइवर के अनुसार ट्रक की ब्रेक लाइट्स काम नहीं कर रही थीं, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा, "मेरे ड्राइवर की गाड़ी ट्रक के पीछे जाकर टकरा गई। वह एक बड़ा ट्रेलर ट्रक था और हमारी कार उसके नीचे घुस गई थी।" टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को भारी नुकसान पहुंचा। दुर्घटना के बाद उनकी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसे दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता था।
धन्यवाद
क्लार्क ने BCCI का भी दिया धन्यवाद
क्लार्क ने हादसे के बाद उनकी और घायल ड्राइवर की मदद करने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा, "BCCI से जुड़े सभी लोग मेरा और मेरे ड्राइवर का हालचाल लेते रहे। यह पूरी तरह एक दुर्घटना थी और ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। मेरे लिए सबसे बड़ा झटका यह था कि नींद खुलते ही खुद को एक बड़े ट्रेलर ट्रक के बेहद करीब पाया, जिससे यह मेरे लिए काफी डरावना बन गया।"