Page Loader
IPL 2019 Final: अंतिम गेंद पर एक रन से जीती MI, चौथी बार जीता IPL खिताब

IPL 2019 Final: अंतिम गेंद पर एक रन से जीती MI, चौथी बार जीता IPL खिताब

लेखन Neeraj Pandey
May 13, 2019
11:48 am

क्या है खबर?

IPL 2019 के फाइनल में MI ने CSK को 1 रन से हराकर अपना चौथा IPL खिताब जीत लिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने तेज शुरुआत की, लेकिन फिर लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और केरान पोलार्ड (41) की तेज पारी के बावजूद 149 रन ही बना सके। जवाब में उतरी CSK ने 82 रनों पर ही चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन शेन वाटसन (80) ने शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि, MI ने 1 रन से मैच जीता।

जानकारी

IPL में सबसे ज़्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बने धोनी

एमएस धोनी शानदार बल्लेबाज के अलावा बेहतरीन विकेटकीपर हैं। धोनी (132) IPL में सबसे ज़्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गए हैं और उन्होंने दिनेश कार्तिक (131) को पीछे छोड़ दिया है।

पर्पल कैप

इमरान ताहिर ने जीती पर्पल कैप

दक्षिण अफ्रीकी लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने इस सीजन CSK के लिए अहम गेंदबाज़ की भूमिका निभाई। ताहिर ने 17 मैचों में 6.69 की बेहतरीन इकॉनमी के साथ 26 विकेट हासिल किए और इस सीजन की पर्पल कैप जीती। दक्षिण अफ्रीका के ही कगीसो रबाडा (25) इस साल सबसे ज़्यादा विकेट हासिल करने वाले दूसरे गेंदबाज रहे। दीपक चहर (22) सबसे ज़्यादा विकेट हासिल करने वाले भारतीय गेंदबाज रहे।

जानकारी

चार बार IPL जीतने वाले पहले कप्तान बने रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई को चौथा IPL खिताब जिताया है। चार बार IPL खिताब जीतने वाले रोहित पहले कप्तान बन चुके हैं। 2017 में भी मुंबई ने एक रन से ही फाइनल मुकाबला जीता था।

वॉर्नर

वॉर्नर ने जब भी जीती औरेंज कैप, तब-तब चैंपियन बनी मुंबई

इस सीजन 692 रन बनाने वाले डेविड वॉर्नर ने औरेंज कैप जीती। जब-जब वॉर्नर ने औरेंज कैप जीती है तब-तब मुंबई चैंपियन बनी है। 2015 और 2017 में वॉर्नर ने औरेंज कैप जीती थी और दोनों ही साल मुंबई चैंपियन बनी थी। इस साल भी यह परंपरा कायम रही है और वॉर्नर के औरेंज कैप जीतने के साथ ही मुंबई भी चैंपियन बनी है।

मुंबई

तीसरी बार मु्ंबई ने IPL फाइनल में 150 से कम का स्कोर बचाया

अब तक चार बार IPL फाइनल में 150 से कम के स्कोर बचाए जा चुके हैं जिसमें से तीन बार मुंबई ने यह कारनामा किया है। 2013 में CSK के खिलाफ MI ने 148 रन बनाए थे, लेकिन मुकाबला 23 रनों से जीत लिया था। 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ मात्र 129 रन बनाने के बावजूद भी MI ने IPL खिताब उठाया था। मुंबई के अलावा डेक्कन चार्जर्स ने 143 रन बनाने के बाद भी फाइनल जीता था।

जानकारी

एक सीजन में किसी टीम को चार मैच हराने वाली दूसरी टीम बनी मुंबई

पिछले सीजन चेन्नई ने सनराइजर्स हैदराबाद को चार मुकाबले हराए थे और चैंपियन बने थे। इस सीजन मुंबई ने चेन्नई को चार मुकाबले हराए और वे चैंपियन बने। यह कारनामा करने वाली मुंबई दूसरी टीम बन गई है।