
विजय शंकर की जगह भारतीय टीम से जुड़ें मयंक अग्रवाल, क्या प्लेइंग इलेवन में मिलेगी जगह?
क्या है खबर?
2019 क्रिकेट विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद भारतीय टीम को एक और बड़ा झटका लगा है।
दरअसल, शिखर धवन के बाद अब भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर भी पैर के अंगूठे में चोट के कारण विश्व कप से बाहर हो गए हैं।
हालांकि, शंकर की जगह टीम में कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज़ मयंक अग्रवाल को मौका मिला है।
अब सवाल यह है कि क्या मयंक अग्रवाल को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा या नहीं?
जानकारी
जानिए कौन हैं मयंक अग्रवाल
16 फरवरी, 1991 को जन्में मयंक अग्रवाल ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था।
मयंक 2010 अंडर-19 विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाकर सुर्खियों में आए थे। इसके बाद 2010 में कर्नाटक प्रीमियर लीग में भी मयंक ने टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाए थे।
2017-18 रणजी ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए नाबाद 304 रन बनाकर मयंक ने भारतीय टीम के दरवाज़े पर दस्तक दे दी थी।
टेस्ट डेब्यू
शानदार रहा था मयंक का टेस्ट डेब्यू
2018 सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए मयंक अग्रवाल भारतीय टीम में चुने गए थे। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।
इसके बाद पृथ्वी शॉ के चोटिल होने के बाद मयंक को ऑस्ट्रेलिया जाने का मौका मिला। वहां मयंक ने डेब्यू टेस्ट में 76 रनों की शानदार पारी खेली थी।
मयंक ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू मैच में इतने रन बनाने वाले पहले भारतीय हैं। मयंक के नाम दो टेस्ट में 195 रन हैं।
प्रदर्शन
रणजी ट्रॉफी में रच चुके हैं इतिहास
घरेलू क्रिकेट इतिहास में किसी भी डोमेस्टिक सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले मयंक अग्रवाल को अभी तक सीमित ओवर की क्रिकेट में भारतीय टीम में जगह नहीं मिल पाई है।
कर्नाटक के लिए रणजी ट्रॉफी खेलने वाले मयंक ने 2017-18 रणजी ट्रॉफी के सत्र में 105.45 के लाजवाब औसत के साथ 8 मैचों में 1160 रन बनाए थे।
2018-19 विजय हज़ारे ट्रॉफी में भी मयंक ने कर्नाटक के लिए सबसे ज़्यादा 251 रन बनाए थे।
जानकारी
IPL 2019 में मयंक अग्रवाल ने किया था शानदार प्रदर्शन
IPL 2019 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलते हुए मयंक अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन किया था। मयंक ने 13 मैचों में 141.88 के स्ट्राइक रेट से 332 रन अपने नाम किए थे। IPL में मयंक के नाम 77 मैचों में 1,266 रन हैं।
सवाल
क्या विश्व कप में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे मयंक अग्रवाल?
मयंक अग्रवाल टॉप ऑर्डर बल्लेबाज़ हैं। भारत के लिए टेस्ट हो या कर्नाटक के लिए घरेलू क्रिकेट, मयंक ने टॉप ऑर्डर में ही बल्लेबाज़ी की है। IPL में भी वह टॉप में खेलते हैं।
ऐसे में सवाल यह है कि क्या उन्हें विश्व कप में प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा।
वैसे मयंक ओपनिंग कर सकते हैं। ऐसे में केएल राहुल चार नंबर पर और विस्फोटक ऋषभ पंत छह या सात नंबर पर केदार जाधव की जगह बल्लेबाज़ी कर सकते हैं।