Loading...
महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में नंबर-7 की जर्सी पहनकर बनाए ये 7 बड़े रिकॉर्ड
महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में नंबर-7 की जर्सी पहनकर बनाए ये 7 बड़े रिकॉर्ड

महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में नंबर-7 की जर्सी पहनकर बनाए ये 7 बड़े रिकॉर्ड

लेखन Manoj Panchal
संपादन भारत शर्मा
Nov 18, 2026
10:45 am

क्या है खबर?

महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास ले लिया है और अब वे चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। करीब 2 दशक लंबे करियर के दौरान नंबर-7 की जर्सी में उन्होंने कप्तानी, बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से कई रिकॉर्ड बनाए हैं। धोनी ने 11 IPL फाइनल खेले और 5 बार खिताब जीते। उनके नाम 235 मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड भी है। आइए उनके IPL करियर के 7 खास रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

#1

धोनी ने CSK को दिलाई 7 टी-20 ट्रॉफियां

धोनी ने कप्तान के तौर पर CSK को 7 टी-20 ट्रॉफियां दिलाई है। इनमें 5 IPL खिताब और 2 चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफी शामिल हैं। वह ऐसा करने वाले एकमात्र करता हैं।

हालांकि, IPL खिताब के मामले में मुंबई इंडियंस (MI) के रोहित शर्मा (5) उनके बराबर हैं।

इसके अलावा धोनी कप्तान के रूप में 5 से अधिक टीमों वाले 2007 टी-20 विश्व कप और 2016 एशिया कप समेत 9 टी-20 टूर्नामेंट जीतने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं।

#2

235 IPL मैचों में की कप्तानी, 136 में जीत

धोनी IPL इतिहास में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 235 मुकाबलों में टीम की अगुआई की, जिनमें 136 में जीत और 97 में हार मिली। 2 मैच बेनतीजा रहे।

उनका जीत-हार अनुपात 1:40 रहा, जो कम से कम 50 मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों में सचिन तेंदुलकर (1:43) के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ है।

पूरे टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 331 मैचों में कप्तानी की, जो पुरुष टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा है।

ADVERTISEMENT

#3

धोनी 11 IPL फाइनल खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी

IPL फाइनल खेलने के मामले में धोनी सबसे आगे हैं। उन्होंने रिकॉर्ड 11 फाइनल में हिस्सा लिया। इस सूची में अंबाती रायडू, सुरेश रैना और रविंद्र जडेजा 8-8 फाइनल के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

धोनी के नाम IPL प्लेऑफ में भी सर्वाधिक 28 मैच खेलने का रिकॉर्ड भी है।

धोनी ने अपने IPL करियर में कुल 278 मुकाबले खेले। उनसे ज्यादा विराट कोहली (283) और रोहित (281) ने मैच खेले हैं।

ADVERTISEMENT

#4

धोनी सबसे ज्यादा 156 जीत का हिस्सा बनने वाले खिलाड़ी

धोनी IPL के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी के मुकाबले सबसे ज्यादा जीत के गवाह बने हैं।

वह अपने करियर में कुल 156 जीते हुए मुकाबलों की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे हैं। इस सूची में रविंद्र जडेजा (147) और रोहित (146) उनसे काफी पीछे हैं।

धोनी ने IPL के 4 सीजन में 400 से ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 2013 में 461 रन बनाए थे, जो एक सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ रहा।

#5

धोनी के नाम 20वें ओवर में दर्ज हैं सर्वाधिक रन

धोनी IPL में पारी के आखिरी 5 ओवर यानी 16वें से 20वें ओवर के बीच सबसे ज्यादा 3,468 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 174.97 रहा।

20वें ओवर में भी उनके नाम सर्वाधिक 844 रन दर्ज हैं। उन्होंने इस ओवर में 347 गेंदों का सामना किया और उनकी स्ट्राइक रेट 243.22 रहा।

उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक 15 बार 20वें ओवर में विजयी शॉट लगाया है। राहुल तेवतिया (7) दूसरे नंबर पर हैं।

#6

विकेटकीपिंग में 200 से अधिक शिकार करने वाले एकमात्र खिलाड़ी

धोनी IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेटकीपिंग से आउट करने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम 201 शिकार दर्ज हैं, जिनमें 154 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं।

इस सूची में पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक (235 मैचों में 174 शिकार) दूसरे पायदान पर हैं।

विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर भी उन्होंने सर्वाधिक 5,321 रन बनाए हैं।

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर माने जाने वाले धोनी IPL इतिहास में 100 बार नाबाद पवेलियन लौटने वाले दुनिया के पहले और इकलौते बल्लेबाज हैं।

#7

229 मैचों में कप्तानी के साथ की विकेटकीपिंग

धोनी ने IPL में 229 मुकाबलों में कप्तानी करने के साथ-साथ विकेटकीपिंग भी की। यह टूर्नामेंट का रिकॉर्ड है।

इस मामले में दूसरे स्थान पर एडम गिलक्रिस्ट हैं, जिन्होंने 74 मैचों में यह जिम्मेदारी निभाई थी।

धोनी IPL इतिहास में 100 से ज्यादा अलग-अलग खिलाड़ियों की कप्तानी करने वाले केवल 2 कप्तानों में शामिल हैं।

उन्होंने 122 खिलाड़ियों की कप्तानी की है। कोहली इस सूची में 114 खिलाड़ियों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

खास

धोनी के लिए आखिर क्यों खास है जर्सी नंबर-7?

अपनी जर्सी के नंबर को लेकर खुद धोनी ने एक कार्यक्रम के खुलासा किया था।

उन्होंने बताया कि इस नंबर के पीछे उनकी जन्मतिथि का संबंध है। उनका जन्म 7 जुलाई को हुआ था और जुलाई साल का 7वां महीना है।

इसके अलावा, उनका जन्म वर्ष 1981 (81) है, और यदि 8 में से 1 घटाया जाए (8-1), तो भी 7 ही आता है। इसी अनोखे संयोग और जुड़ाव के कारण धोनी ने अपने लिए 7 नंबर की जर्सी चुनी।

ADVERTISEMENT