महेंद्र सिंह धोनी का IPL करियर रहा है बेहद शानदार, आंकड़े देते हैं गवाही
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने अपने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) करियर को अलविदा कह दिया है, जिससे 2 दशक से ज्यादा लंबे एक शानदार अध्याय का अंत हो गया है। 45 वर्षीय धोनी अब IPL 2027 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के टीम मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। इससे पहले धोनी ने 15 अगस्त, 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। आइए IPL में धोनी के धानदार करियर पर एक नजर डालते हैं।
करियर
IPL में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं धोनी
धोनी ने 2008 से ही अपने अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह IPL करियर में अब तक 278 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 242 पारियों में 38.30 की औसत और 137.45 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,439 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84 रन का है।
वह फिलहाल इसी लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में 375 चौके और 264 छक्के लगाए हैं।
सर्वाधिक
बिना शतक बनाए सबसे ज्यादा रन
धाेनी के नाम IPL में बिना शतक लगाए सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने अपने करियर में कुल 24 अर्धशतक जड़े हैं, जिनमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 84 रन का रहा है।
इसी तरह धोनी ने विकेटकीपिंग करते हुए इस लीग में कुल 201 शिकार किए हैं, जिसमें 154 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं।
इसी तरह धोनी अपने करियर में कुल 34 बार लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद रहे हैं। यह अपने आप में रिकॉर्ड है।
कप्तानी
IPL में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी का रिकॉर्ड
धोनी के नाम IPL में सर्वाधिक मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड है।
क्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने IPL में 235 मैचों में कप्तानी करते हुए 136 में जीत दर्ज की, जबकि 97 मैचों में उन्हें हार मिली। 2 मैच बारिश के कारण रद्द हुए।
धोनी IPL इतिहास के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने 100 से अधिक मैचों में जीत हासिल की है।
60 से ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों में उनका जीत प्रतिशत 57.87 प्रतिशत सबसे अधिक है।
रिकॉर्ड
300 से ज्यादा T20 मैचों में कप्तानी करने वाले इकलौते खिलाड़ी
धोनी टी-20 क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। वह 331 से अधिक T20 मैचों में कप्तानी करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।
उन्होंने CSK, भारतीय क्रिकेट टीम, इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए कप्तानी की।
धोनी ने कप्तान के तौर पर 192 मैच जीते और 133 में उन्हें हार मिली। 2 मैच टाई रहे, जबकि 4 का कोई नतीजा नहीं निकला।
उनके अलावा केवल 5 अन्य कप्तान ही 100 से ज्यादा T20 मैच जीत सके हैं।