महेंद्र सिंह धोनी के नाम IPL में दर्ज हैं कई बड़े रिकॉर्ड, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
सक्रिय खिलाड़ी के रूप में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अलविदा कहकर चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के 'टीम मेंटर' बनने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने अपने 18 वर्षों के सफर में ऐसे अनगिनत रिकॉर्ड बनाए हैं, जिनका टूटना आसान नहीं है। साल 2008 में पहली IPL नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बनने से लेकर CSK को 5 बार चैंपियन बनाने तक, धोनी ने कप्तानी, विकेटकीपिंग और फिनिशिंग की परिभाषा ही बदल दी। आइए उनके रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
रिकॉर्ड
100 बार नाबाद रहने का विश्व रिकॉर्ड
धोनी अपने IPL करियर की 242 पारियों में ठीक 100 बार नाबाद पवेलियन लौटे हैं। IPL इतिहास में कोई अन्य बल्लेबाज इस आंकड़े के आसपास भी नहीं है।
धोनी ने CSK के लिए 272 मैचों में 5,314 रन बनाए हैं। वह CSK के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
इस सूची में पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना (5,529) पहले पायदान पर हैं।
धोनी CSK के लिए सर्वाधिक मैच (278) खेलने और सर्वाधिक छक्के (264) लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं।
मुकाबले
सबसे पहले 250 मैच खेलने का रिकॉर्ड
साल 2023 में धोनी IPL में 250 मैच खेलने वाले पहले क्रिकेटर बने थे। उन्होंने लगातार 12 बार अपनी कप्तानी में चेन्नई की टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने का अद्भुत कारनामा किया है।
इसी तरह वह IPL इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक बार नाबाद लौटने वाले खिलाड़ी भी हैं।
उन्होंने इस लीग में 34 बार यह कारनामा किया है। अन्य कोई खिलाड़ी 30 बार भी ऐसा नहीं कर पाया है। यह बड़ी उपलब्धि है।
विकेटकीपर
बतौर विकेटकीपर 200 शिकार करने वाले पहले खिलाड़ी
विकेट के पीछे धोनी की बिजली जैसी फुर्ती का कोई सानी नहीं रहा है। वे IPL इतिहास में 200 या उससे अधिक शिकार करने वाले पहले और एकमात्र विकेटकीपर हैं।
उन्होंने अपने करियर में 271 मैचों के विकेटकीपिंग करते हुए कुल 201 शिकार किए हैं। इसमें 155 कैच और 46 स्टंपिंग शामिल हैं। उन्होंने 7 मैचों में बतौर फील्डर 4 कैच भी पकड़े हैं।
इस सूची में पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक (235 मैचों में 174 शिकार) दूसरे पायदान पर हैं।
बादशाहत
डेथ ओवर्स के बादशाह हैं धोनी
निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के बावजूद धोनी ने IPL के अंतिम चार ओवरों (डेथ ओवर्स) में 3,468 से अधिक रन बनाए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक हैं।
साल 2024 के सीजन में 42 वर्ष की उम्र में उन्होंने 220.54 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर सभी को चौंका दिया था।
इस सूची में मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 128 मैचों में 2,032 रन अपने नाम किए हैं।
करियर
IPL में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं धोनी
धोनी ने 2008 से ही अपने अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह IPL करियर में अब तक 278 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 242 पारियों में 38.30 की औसत और 137.45 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,439 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84 रन का है।
वह फिलहाल इसी लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में 375 चौके और 264 छक्के लगाए हैं।