महेंद्र सिंह धोनी ने गाने के जरिए की IPL से संन्यास की घोषणा, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से एक खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के 'टीम मेंटर' बनने की घोषणा के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने एक वीडियो साझा कर प्रशंसकों की आंखें नम कर दीं। मंगलवार शाम अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए इस वीडियो के बैकग्राउंड में धोनी ने अपने सबसे पसंदीदा हिंदी गीत 'मैं पल दो पल का शायर हूं' के दूसरे संस्करण 'मैं हर एक पल का शायर हूं' का इस्तेमाल किया है।
संदेश
धोनी ने पोस्ट में क्या लिखा?
धोनी ने वीडियो मोंटाज के साथ दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा।
उन्होंने स्वीकार किया कि वे खुद को 'पल दो पल का शायर' मानते थे, लेकिन प्रशंसकों के प्यार ने उन्हें 'हर पल का हिस्सा' बना दिया।
उन्होंने लिखा, 'प्रशंसकों ने मुझे गलत साबित कर दिया, इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर कोई गाना नहीं हो सकता। शायद इस गाने के 2 वर्जन इसीलिए बनाए गए थे ताकि मैं पहले गलती कर सकूं और फिर स्वीकार कर सकूं।'
वीडियो
धोनी ने वीडियो में क्या दिखाया?
मंगलवार को साझा किए गए नए वीडियो में धोनी के भारतीय टीम के शुरुआती दिनों से लेकर CSK के साथ बिताए यादगार पलों तक की तस्वीरें शामिल की हैं।
इसमें सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली सहित CSK के साथ जीती गई ट्रॉफियों की सुनहरी यादें हैं।
उनके इस वीडियो के पोस्ट करने के महज 15 से 35 मिनट के भीतर इस पर 20 लाख से अधिक लाइक्स आ गए और यह इंटरनेट पर वायरल हो गया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
MS Dhoni shared this on IG.
— Shubham Mishra (@ildivino_42) November 17, 2026
This literally feels like the end of an era.
He loves this song...@msdhoni pic.twitter.com/O5p1LoZpc2
दोहराव
6 साल बाद दोहराया भावुक इतिहास
धोनी ने इस वीडियो के जरिए अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिए गए संन्यास की यादें ताजा कर दीं।
उन्होंने 6 साल पहले 15 अगस्त, 2020 को शाम 7:29 बजे भी इसी तरह का एक फोटो मोंटाज वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था।
उस समय उन्होंने मुकेश की आवाज में इस गीत का पहला हिस्सा 'मैं पल दो पल का शायर हूं, पल दो पल मेरी कहानी है...' लगाया था।
घोषणा
CSK ने की धोनी को मेंटर बनाने की घोषणा
इससे पहले CSK ने धोनी के सक्रिय खिलाड़ी की जगह IPL 2027 से टीम मेंटर बनने की घोषणा की थी।
CSK ने लिखा, 'एक ऐसा खिलाड़ी जो सदियों में एक बार आता है। एक नई भूमिका। एक ऐसा बंधन जो हमेशा कायम रहेगा। हमें गौरव के शिखर तक ले जाने से लेकर सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी का मार्गदर्शन करने तक, 'थाला' हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे।'
टीम मालिक एन श्रीनिवासन ने भी उनकी जमकर प्रशंसा की थी।