महाराजा ट्रॉफी: 3 सुपर ओवर के बाद निकला मैच का नतीजा, पहली बार हुआ ऐसा
क्या है खबर?
महाराजा टी-20 ट्रॉफी में बीते शुक्रवार को हुबली टाइगर्स और बेंगलुरु ब्लास्टर्स के बीच खेले गए मैच का परिणाम 1 या 2 नहीं, बल्कि 3 सुपर ओवर खेलने के बाद निकला। क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।
मनीष पांडे की कप्तानी में हुबली ने पहले खेलते हुए 164 रन बनाए। जवाब में मयंक अग्रवाल के नेतृत्व वाली बेंगलुरु की टीम भी 20 ओवरों में 164 रन ही बना पाई।
ऐसे में फिर 3 सुपर ओवर से परिणाम निकला।
लेखा-जोखा
ऐसे टाई हुआ मुकाबला
हुबली ने बेंगलुरु को 165 रनों का लक्ष्य दिया था। हुबली से कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका, लेकिन कप्तान पांडे (33), मोहम्मद ताहा (31) और अनीश्वर गौतम (30) ने स्कोर को 164 तक पहुंचा दिया।
बेंगलुरु से लविश कौशल ने सर्वाधिक 5 विकेट झटके।
जवाब में बेंगलुरु की टीम भी कप्तान मयंक (54) की पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 164 रन ही बना सकी। सूरज अहूजा ने 26 और नवीन ने 23 रनों की पारी खेली।
ट्विटर पोस्ट
ऐसे टाई हुआ था मुकाबला
Friday night frenzy at the @maharaja_t20: Not one, not two, but THREE Super Overs were needed for Hubli Tigers to finally win against Bengaluru Blasters 🤯🤯🤯#MaharajaT20onFanCode #MaharajaTrophy #MaharajaT20 pic.twitter.com/ffcNYov1Qf
— FanCode (@FanCode) August 23, 2024
सुपर ओवर-1
ऐसा रहा पहले सुपर ओवर का हाल
पहले सुपर ओवर में बेंगलुरु के कप्तान मयंक पहली गेंद पर आउट हो गए। पहली 5 गेंद में सिर्फ 4 रन बने थे, लेकिन आखिरी गेंद पर अनिरुद्ध जोशी ने छक्का लगाकर स्कोर को 10 रन तक पहुंचा दिया।
11 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हुबली ने पहली 4 गेंद में 9 रन बना लिए थे, लेकिन लविश कौशल ने आखिरी 2 गेंद में सिर्फ एक ही रन खर्च किया। ऐसे में पहला सुपर ओवर टाई हो गया।
सुपर ओवर-2
ऐसा रहा दूसरे सुपर ओवर का हाल
दूसरे सुपर ओवर में हुबली ने पहले बल्लेबाजी की 8 रन बनाने में सफल रही। इस ओवर में कोई भी बाउंड्री नहीं आई।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु की टीम ने पहली गेंद पर चौका लगा दिया। हालांकि, दूसरी गेंद डॉट निकली और तीसरी गेंद पर एलआर चेतन दूसरा रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए।
आखिरी 3 गेंद में टीम केवल 3 ही रन बना पाई और इस तरह दूसरा सुपर ओवर भी टाई हो गया।
सुपर ओवर-3
तीसरे सुपर ओवर में हुबली ने कैसे जीता मुकाबला?
तीसरे सुपर ओवर में भी बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली 5 गेंदों में सिर्फ 6 रन बनाए थे, लेकिन शुभांग हेगडे ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर स्कोर को 12 रन पर पहुंचा दिया।
इसके बाद 13 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुबली टाइगर्स ने पहली 5 गेंद में 9 रन बना लिए थे।
इसके बाद मनवंत कुमार ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर हुबली टाइगर्स को रोमांचक जीत दिला दी।