Page Loader
LSG बनाम PBKS: केएल राहुल सबसे तेज 4,000 IPL रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
केएल राहुल ने IPL में पूरे किए अपने 4,000 रन (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

LSG बनाम PBKS: केएल राहुल सबसे तेज 4,000 IPL रन बनाने वाले बल्लेबाज बने

Apr 15, 2023
09:32 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 21वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान केएल राहुल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। PBKS के खिलाफ इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में राहुल ने अर्धशतकीय पारी खेली और इस दौरान उन्होंने अपने IPL करियर के 4,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह इस लीग में सबसे कम पारियों में यह आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी पारी और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही राहुल की पारी 

पारी की शुरुआत करने आए राहुल ने धीमी बल्लेबाजी की। उन्होंने 40 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके IPL करियर का 32वां अर्धशतक है। अपनी पारी के दौरान उन्होंने क्रुणाल पांड्या के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी भी की। टिककर बल्लेबाजी कर रहे राहुल 55 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस पारी में 8 चौके और 1 छक्का लगाया।

रिकॉर्ड 

राहुल ने गेल का रिकॉर्ड तोड़ा 

IPL में राहुल ने 105 पारियों में अपने 4,000 रन पूरे किए हैं और सबसे तेज यह आंकड़ा छूने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने अपनी 112 पारियों में यह आंकड़ा पार किया था। इनके बाद सबसे कम पारियों में 4,000 रन पूरे करने वाले अन्य बल्लेबाज डेविड वार्नर (114 पारी), विराट कोहली (128 पारी) और एबी डिविलियर्स (131 पारी) हैं।

IPL 2023 

IPL 2023 में राहुल ने लगाया पहला अर्धशतक 

IPL 2023 में यह राहुल के बल्ले से निकलने वाली कोई पहली बड़ी पारी थी। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अपने पहले मैच में उन्होंने 12 गेंद में 8 रन बनाए थे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ राहुल ने 18 गेंद में 20 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ उन्होंने 31 गेंद में 35 रन बनाए थे। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के विरुद्ध वह 20 गेंदों में सिर्फ 18 रन ही बना सके थे।

जानकारी

शानदार चल रहा है राहुल का IPL करियर 

राहुल के अब 114 मैचों में 47.02 की औसत और 135.16 की स्ट्राइक रेट से 4,044 रन हो गए हैं। इस बीच उन्होंने 132* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हुए हैं।

पारी 

ऐसी रही PBKS की पारी 

इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 8 विकेट खोकर 159 रन बनाए हैं। LSG से कप्तान राहुल ने सर्वाधिक 74 रन बनाए। उनके अलावा काइल मेयर्स ने 23 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया है। PBKS से सैम कर्रन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 31 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उनके अलावा कगिसो रबाडा ने 2 विकेट चटकाए।