लॉर्ड्स टेस्ट: ओली रॉबिन्सन ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बने
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने इतिहास रच दिया है। वह टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के पहले ऐसे गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने किसी पारी में अपने पहले ही ओवर के दौरान 3 विकेट चटकाए। उन्होंने यह उपलब्धि लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन हासिल की। उनकी शानदार गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। न्यूजीलैंड की टीम पहले दिन 61 रन पर 6 विकेट गंवाकर मुश्किल स्थिति में पहुंच गई।
गेंदबाजी
रॉबिन्सन ने की धमाकेदार वापसी
फरवरी 2024 के बाद अपना पहला टेस्ट खेल रहे रॉबिन्सन ने पहले दिन 6 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट लिए। नई गेंद संभालते ही उन्होंने तुरंत प्रभाव डाला और अपने स्पेल की तीसरी, 5वींऔर छठी गेंद पर क्रमशः डेवोन कॉन्वे, केन विलियमसन और रचिन रविंद्र को आउट कर दिया। इससे पहले इंग्लैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई थी और पूरी टीम 40 ओवर पूरे होने से पहले ही 140 रन पर सिमट गई थी।
रिकॉर्ड
खास सूची में शामिल हुए रॉबिन्सन
रॉबिन्सन ने 6 ओवर गेंदबाजी की, जिनमें 3 मेडन ओवर शामिल रहे। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से इंग्लैंड को मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। रॉबिन्सन इस प्रदर्शन से टेस्ट क्रिकेट के एक खास सूची में शामिल हो गए। वह किसी टेस्ट पारी के पहले ओवर में 3 विकेट लेने वाले इतिहास के केवल 7वें गेंदबाज बने। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ 6 गेंदबाजों ने हासिल की थी, लेकिन कोई भी इंग्लैंड का गेंदबाज ऐसा नहीं कर पाया था।
प्रदर्शन
ब्रेडन मैकुलम ने कराई थी रॉबिन्सन की वापसी
ससेक्स के कप्तान रॉबिन्सन को 2024 में फिटनेस और खराब रवैये के कारण टीम से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, उन्होंने 20 टेस्ट मैचों में 22.92 की बेहतरीन औसत से 76 विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज में इंग्लैंड को 4-1 से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने सत्र की शुरुआत में रॉबिन्सन से संपर्क कर उन्हें बताया था कि वह फिर से चयन की दौड़ में शामिल हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें रॉबिन्सन के ओवर का पूरा वीडियो
0 0 W 0 W W
— Cricketopia (@CricketopiaCom) June 4, 2026
What an over by Ollie Robinson pic.twitter.com/IQmt36UMrE