लॉर्ड्स टेस्ट: ओली रॉबिन्सन ने लिया 5 विकेट हॉल, 113 पर सिमटी न्यूजीलैंड की पहली पारी
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल लिए। ये उनके टेस्ट करियर का चौथा 5 विकेट हॉल रहा, कीवी टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी ने पहली बार 5 विकेट हॉल लिया। रॉबिन्सन की घातक गेंदबाजी के कारण न्यूजीलैंड की टीम 113 रन पर ही ऑलआउट हो गई। इसी के साथ पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड को 27 रन की बढ़त मिली।
पारी
ऐसी रही रॉबिन्सन की गेंदबाजी
रॉबिन्सन ने 10.5 ओवर गेंदबाजी की और 3 मेडन के साथ 39 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 3.60 की रही। न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज पारी में अर्धशतक भी नहीं लगा पाया। काइल जैमीसन ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 चौके और 3 छक्के निकले। रॉबिन्सन के अलावा जोश टंग ने इंग्लैंड के लिए 3 विकेट लिए। वहीं गस एटिंकसन को 2 सफलता मिली।
इतिहास
रॉबिन्सन ने रचा इतिहास
रॉबिन्सन ने पहले दिन इतिहास रच दिया था। वह टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के पहले ऐसे गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने किसी पारी में अपने पहले ही ओवर के दौरान 3 विकेट चटकाए। नई गेंद संभालते ही उन्होंने तुरंत प्रभाव डाला और अपने स्पेल की तीसरी, 5वींऔर छठी गेंद पर क्रमशः डेवोन कॉन्वे, केन विलियमसन और रचिन रविंद्र को आउट कर दिया। पहले दिन उन्होंने 4 विकेट लिए थे। उन्होंने मैट हेनरी को आउट कर अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया।
करियर
ऐसा रहा है रॉबिन्सन का टेस्ट करियर
रॉबिन्सन ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2021 में कीवी टीम के खिलाफ ही खेला था। उन्होंने अब तक 21 मुकाबले खेले हैं और इसकी 38 पारियों में 21.98 की औसत और 2.76 की इकॉनमी से 81 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 4 बार 5 विकेट हॉल लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/39 का रहा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 4 मैच की 7 पारियों में 19.05 की औसत से 18 विकेट लिए हैं।
पहली
इंग्लैंड की पहली पारी 140 रन पर हुई थी समाप्त
पहले दिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने निराश किया और उनकी पहली पारी सिर्फ 140 रन पर ही सिमट गई थी। इंग्लैंड का स्कोर 55/5 हो गया था। ऐसे में संकट की घड़ी में हैरी ब्रूक ने अपने टेस्ट करियर का 16वां अर्धशतक लगाया था। खास बात यह है कि अपनी पारी के दौरान ब्रूक को 2 बार जीवनदान मिले। जैमीसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हॉल अपने नाम किया था।
गेंदबाजी
ऐसी रही थी जैमीसन की गेंदबाजी
जैमीसन ने अपना टेस्ट डेब्यू कर रहे एमिलियो गे (8) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला था। उन्होंने इंग्लैंड के मध्यक्रम में जैमी स्मिथ (1), बेन स्टोक्स (12) और गस एटकिंसन (4) को पवेलियन की राह दिखाई थी। इस कीवी आलराउंडर ने रॉबिन्सन (1) का विकेट लेते हुए अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया था। उन्होंने 14 ओवर गेंदबाजी की और 62 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की थी।