लॉर्ड्स टेस्ट: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की ओर बढ़ाया कदम, ऐसा रहा तीसरा दिन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स में जारी पहले टेस्ट के तीसरे दिन जीत की ओर कदम बढ़ा दिया है। मेजबान टीम शनिवार को ही जीत सकती थी, लेकिन बारिश ने उसका इंतजार बढ़ा दिया। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 55 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। वह अभी भी लक्ष्य से 199 रन पीछे हैं। डेवोन कॉनवे (19*) और टॉम ब्लंडेल (2*) क्रीज पर मौजूद हैं।
बारिश
बारिश के कारण तीसरे दिन हुआ केवल 58 गेंदों का खेल
लॉर्ड्स में तीसरे दिन सुबह से ही बादल रहे और दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। दिनभर में केवल 58 गेंदों का ही खेल संभव हो सका। कीवी टीम ने 36/3 के स्कोर से तीसरे दिन की शुरुआत की थी, लेकिन उसने 58 गेंदों के खेल में 19 रन जोड़कर 2 अहम विकेट और गंवा दिए। इस दौरान बारिश के कारण 2 बार खेल रोकना पड़ा। हालांकि, तीसरी बार बारिश के आने पर फिर से खेल शुरू नहीं हो पाया।
सफलता
ओली रॉबिन्सन ने दिलाई इंग्लैंड को 2 सफलता
तीसरे दिन इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम को 2 अहम सफलताएं दिलाई। उन्होंने पारी के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर पहले रचिन रविंद्र (8) को बोल्ड आउट किया और फिर 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर डेरिल मिचेल को LBW आउट कर टीम को कीवी टीम को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद आई बारिश ने इंग्लिश टीम की जीत के इंतजार को और बढ़ा दिया।
पृष्ठभूमि
कैसा रहा था पहले 2 दिन का खेल?
मैच के पहले दिन गेंदबाज हावी रहे थे। इंग्लैंड की पहली पारी 140 रन पर सिमट गई। काइल जैमीसन ने 5/62 के आंकड़े दर्ज किए थे। जवाब में न्यूजीलैंड की पहली पारी 113 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए रॉबिन्सन ने 39 रन देकर 5 विकेट झटके। इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में एमिलियो गे (57) की पारी से 226 रन बनाए। उसके बाद न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 36 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे।