Page Loader
लॉर्ड्स टेस्ट: इंग्लैंड की पहली पारी 387 रनों पर हुई समाप्त, बुमराह ने झटके 5 विकेट 
इंग्लैंड की पहली पारी समाप्त हो गई (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

लॉर्ड्स टेस्ट: इंग्लैंड की पहली पारी 387 रनों पर हुई समाप्त, बुमराह ने झटके 5 विकेट 

Jul 11, 2025
07:02 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच लॉर्ड्स में तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड की पारी 387 रन पर समाप्त हो गई। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। वहीं, इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा जो रूट (104) ने रन बनाए। जेमी स्मिथ (51) और ब्रायडन क्रॉस (56) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। आइए इंग्लैंड की पारी में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

इंग्लैंड की पारी का लेखा-जोखा 

इंग्लैंड ने दूसरे दिन 251/4 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। इसके बाद उन्हें जोरदार झटके लगे। रूट (104), बेन स्टोक्स (44) और क्रिस वोक्स (0) जल्द ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद स्मिथ और क्रॉस ने 114 गेंदों में 84 रन की साझेदारी निभाई और टीम का स्कोर 350 के पार ले गए। बुमराह के अलावा भारत के लिए नीतिश रेड्डी और मोहम्मद सिराज ने 2-2 विकेट लिए। रविंद्र जडेजा को 1 सफलता मिली।

शतक

जो रूट ने भारत के खिलाफ जड़ा 11वां शतक 

रूट ने 199 गेंदों का सामना किया और 104 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। यह उनके टेस्ट करियर का 37वां और भारत के खिलाफ 11वां शतक रहा, जिसे उन्होंने 192 गेंदों में पूरा किया। रूट ने इंग्लैंड में खेलते हुए अपने 7,000 टेस्ट रन पूरे किए। वह इंग्लैंड में यह आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। रूट ने भारत के खिलाफ सभी प्रारूप को मिलाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 4,000 रन भी पूरे किए।

5 विकेट

बुमराह ने कर दिया कमाल 

बुमराह ने 27 ओवर गेंदबाजी की और 5 मेडन ओवर के साथ 74 रन देकर 5 विकेट लिए। यह उनके टेस्ट करियर का 15वां 5 विकेट हॉल है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 5वां 5 विकेट हॉल लिया। बुमराह का यह विदेशों में (घर से बाहर) कुल 13वां 5 विकेट हॉल रहा। इसके साथ ही वह विदेशों में सर्वाधिक 5 विकेट हॉल वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने कपिल देव का रिकॉर्ड तोड़ा है।

अर्धशतक

स्मिथ और क्रॉस की पारियों पर एक नजर 

स्मिथ ने 56 गेंदों का सामना किया और 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 91.07 की रही। स्मिथ के टेस्ट करियर का यह छठा अर्धशतक रहा। उन्होंने 13 टेस्ट में 58.22 की औसत से 1,048 रन बनाए हैं। क्रॉस ने 83 गेंदों का सामना किया और 56 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला। यह उनके टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक रहा।