टी-20 विश्व कप के इतिहास में न्यूजीलैंड के लिए इन बल्लेबाजों ने जड़े हैं शतक
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने कई यादगार मुकाबले खेले हैं और उसके बल्लेबाजों ने शानदार पारियां खेलकर अपनी छाप छोड़ी है। खास तौर पर कुछ बल्लेबाज ऐसे हैं जिन्होंने इस बड़े मंच पर शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन पारियों ने न सिर्फ मैच का रुख बदला, बल्कि टूर्नामेंट इतिहास में भी अपनी खास जगह बनाई। ऐसे में आइए कीवी टीम के उन बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में शतक जड़ा।
#1
ब्रेडन मैकुलम (123 रन बनाम बांग्लादेश, 2012)
टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए पहला शतक ब्रेडन मैकुलम ने लगाया था। उन्होंने साल 2012 के टूर्नामेंट में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 58 गेंदों में 123 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 212.06 की रही थी। मैकुलम की पारी के दम पर कीवी टीम ने 191/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में बांग्लादेश 132/8 का स्कोर ही बना पाई थी। उसे 59 रन से हार मिली थी।
#2
ग्लेन फिलिप्स (104 रन बनाम श्रीलंका, 2022)
टी-20 विश्व कप में कीवी टीम के लिए दूसरा शतक ग्लेन फिलिप्स ने साल 2022 के विश्व कप में लगाया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम के लिए फिलिप्स ने 64 गेंदों का सामना कर 104 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 162.50 की रही। फिलिप्स की शानदार पारी के दम पर टीम ने 167/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में श्रीलंका 102 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
#3
फिन एलन (100* रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2026)
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज फिन एलन न्यूजीलैंड के लिए शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने साल 2026 के टी-20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केवल 33 गेंदों में शतक जड़ा। ये मुकाबला ईडन गार्डन में खेला गया था। उनके बल्ले से 10 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 303.03 की रही। उनकी पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने 170 रन का लक्ष्य 12.5 ओवर में हासिल किया।
नॉकआउट
टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में पहला शतक
एलन टी-20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। उनसे पहले सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी तिलकरत्ने दिलशान ने बनाया था। उन्होंने साल 2009 के सेमीफाइनल मुकाबले में नाबाद 96 रन की पारी खेली थी। पूर्व भारतीय दिग्गज विराट कोहली इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2016 के सेमीफाइनल मुकाबले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 89 रन बनाए थे।