Page Loader
IPL 2021: राजस्थान रॉयल्स को लगा बड़ा झटका, बॉयो-बबल की परेशानी के चलते वापस लौटा खिलाड़ी

IPL 2021: राजस्थान रॉयल्स को लगा बड़ा झटका, बॉयो-बबल की परेशानी के चलते वापस लौटा खिलाड़ी

Apr 21, 2021
10:22 am

क्या है खबर?

इस समय खेले जा रही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 से राजस्थान रॉयल्स (RR) के लियाम लिविंगस्टोन ने हटने का फैसला किया है और वह स्वदेश भी लौट चुके हैं। दरअसल, भारत की यह प्रतिष्ठित लीग बायो सिक्योर बबल में खेली जा रही है। वहीं लिविंगस्टोन लम्बे समय से बायो बबल में बने हुए हैं। इसीलिए उन्होंने थकान के चलते लीग से हटने का फैसला किया है। एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।

ट्वीट

हम लिविंगस्टोन के फैसले का सम्मान करते हैं- RR

लिविंगस्टोन सोमवार (19 अप्रैल) को इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए थे। ​RR ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी है। RR ने बीते मंगलवार को ट्वीट किया, 'लियाम लिविंगस्टोन कल देर रात स्वदेश लौट गए हैं। वह पिछले एक साल में बायो बबल का हिस्सा रहे हैं और थके हुए हैं। हम समझ सकते हैं और उनके फैसले का सम्मान करते हैं। हम उनका समर्थन करते रहेंगे।'

बबल

लम्बे समय से बायो बबल में हैं लिविंगस्टोन

लिविंगस्टोन पिछले छह महीनों में काफी व्यस्त रहे हैं और कई बबल का हिस्सा रह चुके हैं। वह पिछले साल इंग्लैंड टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भी गए थे। लिविंगस्टोन बिग बैश लीग (BBL) में पर्थ स्कॉर्चर्स के साथ लगभग दो महीने लम्बे समय तक थे। उनकी टीम BBL में उपविजेता रही थी। इसके बाद लिविंगस्टोन इंग्लैंड टीम के साथ लिमिटेड ओवर्स सीरीज के लिए भारत दौरे पर आए थे।

डाटा

ऐसा है लिविंगस्टोन का IPL करियर

IPL 2019 में लिविंगस्टोन ने चार मैचों में 44 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 71 रन बनाए थे। उन्होंने घरेलू क्रिकेट पर फोकस करने के लिए IPL 2020 में भाग नहीं लिया। इस सीजन में उन्हें एक मैच में भी मौका नहीं मिला था।

इंजरी

इंजरी से जुझ रही है RR

लिविंगस्टोन का लौट जाना RR के लिए एक और बड़ा झटका है। क्योंकि इससे पहले टीम के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स चोटिल होकर IPL के मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में आक्रामक बल्लेबाज लिविंगस्टोन टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते थे। वहीं RR के मुख्य तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर अभी तक फिट नहीं हो सके हैं और उनके खेलने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

लेखा-जोखा

फिलहाल छठे स्थान पर है राजस्थान

RR ने अब तक तीन मैच खेल लिए हैं और सिर्फ एक ही जीत सके हैं। संजू सैमसन की अगुवाई में टीम इस समय अंक तालिका में छठे स्थान पर है। RR को अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स से चार रनों से शिकस्त मिली थी। इसके बाद दूसरे मैच में RR ने दिल्ली कैपिटल्स पर तीन विकेट से जीत दर्ज की थी। अपने तीसरे मैच में RR को चेन्नई सुपर किंग्स से 45 रनों से हार झेलनी पड़ी है।