IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस से अलग हुए लसिथ मलिंगा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने लसिथ मलिंगा से नाता तोड़ा है। MI ने अगले सीजन से पहले गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन से भी रास्ते अलग कर लिए हैं। MI के कोचिंग स्टाफ में कई बदलाव हुए हैं। हाल ही में महेला जयवर्धने की जगह पर MI ने कीरोन पोलार्ड को अपना प्रमुख कोच बनाया था। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
मलिंगा मुंबई इंडियंस का रहे हैं अहम हिस्सा
फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा, "लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस परिवार का एक अहम हिस्सा रहे हैं और फ्रेंचाइजी के इतिहास के सबसे खास खिलाड़ियों में से एक हैं। MI की गेंदबाजी की कमान संभालने और 4 IPL खिताब जीतने के साथ-साथ 2011 चैंपियंस लीग टी-20 की जीत में अहम भूमिका निभाने से लेकर, मेंटर और कोच के रूप में वापसी करने तक, MI के साथ लसिथ का सफर वाकई बहुत खास रहा है।"
मलिंगा
बतौर खिलाड़ी भी मलिंगा ने 10 साल MI से खेला
मलिंगा ने पहला IPL मुकाबला 2009 में खेला था। आखिरी बार वह 2019 में खेलते हुए नजर आए थे। वह 10 साल तक सिर्फ एक फ्रेंचाइजी MI का हिस्सा रहे।
जसप्रीत बुमराह (187) के बाद मलिंगा MI के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
उन्होंने 122 पारियों में 19.79 की औसत और 7.14 की इकॉनमी से 170 विकेट चटकाए थे। उन्होंने 6 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिया था।
कोच
पारस म्हाम्ब्रे ने 2 सीजन किया MI के साथ काम
2024 में भारत की टी-20 विश्व कप जीत का हिस्सा रहने के तुरंत बाद, म्हाम्ब्रे बॉलिंग कोच के तौर पर MI से जुड़े थे।
उन्होंने IPL के 2 सीजन तक MI के साथ काम किया और उन्हें MI एमिरेट्स का गेंदबाजी कोच भी नियुक्त किया गया था।
वहीं, हॉपकिन्सन 2025 सीजन से पहले MI की टीम से जुड़े थे। इससे पहले वह इंग्लैंड की पुरुष टीम के साथ काम कर चुके थे।
बयान
पारस म्हांब्रे का MI के साथ दूसरा कार्यकाल भी हुआ समाप्त
MI के बयान में कहा गया है, "पारस म्हांब्रे का मुंबई इंडियंस के साथ एक लंबा और अहम जुड़ाव रहा है। वह पहले 2010 से 2017 तक, और फिर 2024 में उनकी वापसी हुई। इन दोनों दौरों में, पारस अपने साथ भरपूर अनुभव, समर्पण और MI की संस्कृति की गहरी समझ लेकर आए हैं। टीम की गेंदबाजी प्रतिभा को निखारने और विकसित करने में उनका योगदान सराहनीय है।"