Page Loader
दूसरा टेस्ट: कुसल मेंडिस शतक से चूके, श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ ली बड़ी बढ़त 
कुसल मेंडिस ने शानदार पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

दूसरा टेस्ट: कुसल मेंडिस शतक से चूके, श्रीलंका ने बांग्लादेश के खिलाफ ली बड़ी बढ़त 

Jun 27, 2025
02:22 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज कुसल मेंडिस बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में शतक से चूक गए। कोलंबो टेस्ट की अपनी पहली पारी में उन्होंने 84 रन बनाए। 2 रन लेने के चक्कर में यह खिलाड़ी रन आउट हो गया। मेंडिस रन को पूरा करते समय चोटिल भी हो गए। उन्हें 2 खिलाड़ी मिलकर मैदान से बाहर ले गए। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

कैसी रही मेंडिस की पारी?

मेंडिस ने सिर्फ 87 गेंदों का सामना किया और 84 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 शानदार छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 96.55 की रही। उन्होंने बांग्लादेश के सभी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। वह नंबर-7 पर बल्लेबाजी करने आए थे और अन्य खिलाड़ियों के साथ मिलकर छोटी-छोटी साझेदारियां निभाईं। पथुम निसांका के साथ उन्होंने 59 गेंदों में 49 रन जोड़े। उनकी पारी के ही दम पर श्रीलंका की टीम 481 रन बनाने में सफल रही।

बांग्लादेश

बांग्लादेश के खिलाफ खूब चलता है मेंडिस का बल्ला 

मेंडिस ने बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट मैच साल 2017 में खेला था। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 10 मुकाबले खेले हैं और इसकी 16 पारियों में 52.56 की शानदार औसत के साथ 841 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 3 अर्धशतक भी निकले हैं। मेंडिस का बांग्लादेश के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 196 रन रहा है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन इसी टीम के खिलाफ बनाए हैं।

पारी

ऐसी रही श्रीलंका की पारी 

बांग्लादेश ने पहली पारी में 247 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने अपनी पहली पारी में 458 रन बना दिए। उसने पहली पारी के आधार पर 211 रन की बढ़त ली। श्रीलंका के लिए निसांका ने सबसे बड़ी 158 रन की पारी खेली। इसके अलावा दिनेश चांदीमल ने 93 रन बनाए। निसांका के टेस्ट करियर का यह चौथा शतक रहा। बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम ने 131 रन देकर 5 विकेट लिए।

करियर

मेंडिस के टेस्ट करियर पर एक नजर 

मेंडिस ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2015 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 73 मुकाबले खेले हैं और इसकी 135 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 4,757 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 10 शतक के अलावा 22 अर्धशतक भी निकले हैं। उनकी औसत 36.87 की रही है। कुसल का टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 245 रन रहा है। उन्होंने यह पारी आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी।