श्रीलंके के कुसल मेंडिस और दिनेश चांदीमल भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर
क्या है खबर?
पहले टेस्ट में हार के बाद श्रीलंका को भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज कुसल मेंडिस और दिनेश चांदीमल को रविवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है। वहीं, पथुम निसांका के भी मुकाबले तक फिट होने की संभावना कम है। इन तीनों प्रमुख बल्लेबाजों की गैरमौजूदगी श्रीलंका के लिए बड़ी चिंता है, जो 2 मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही है।
मेंडिस
हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे हैं मेंडिस
लंका प्रीमियर लीग (LPL) के शुरुआती चरण में हैमस्ट्रिंग चोटिल होने के बाद से मेंडिस मैदान से बाहर हैं।
उनकी जगह निरोशन डिकवेला को टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। डिकवेला ने पहले टेस्ट की पहली पारी में शानदार 80 रन बनाए थे और श्रीलंका को शुरुआती झटकों से उबरने में मदद की थी।
आगामी टेस्ट में भी इस अनुभवी बल्लेबाज के अपनी जगह बरकरार रखने की संभावना है।
चांदीमल
चोटिल चांदीमल दूसरे टेस्ट से बाहर
गॉल टेस्ट के चौथे दिन फील्डिंग के दौरान गिरने और मैदान से बाहर होने के कारण श्रीलंका को चांदीमल की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर पसिंदु सोरियाबंदरा को खिलाना पड़ा था।
ICC के नियमों के मुताबिक, कन्कशन के कारण रिप्लेस किए गए खिलाड़ी 7 दिनों तक मैदान पर नहीं उतर सकते, इसलिए चांदीमल दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
पहले टेस्ट में बिना खाता खोले आउट होने के बावजूद सोरियाबंदरा के आगामी मुकाबले में खेलने की संभावना है।
निसांका
कलाई की सर्जरी से उबर रहे हैं निसांका
निसांका जून में हुई कलाई की सर्जरी से अभी पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं। वह मेंडिस की तुलना में मैच के लिए फिट होने के ज्यादा करीब बताए जा रहे हैं, लेकिन बल्लेबाजी करते समय अभी भी उन्हें परेशानी हो रही है।
श्रीलंका के कोच गैरी कर्स्टन ने पुष्टि की कि मेंडिस की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह कुछ समय तक बाहर रहेंगे। उन्होंने चांदीमल के भी अगले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होने की पुष्टि की।