Page Loader
पहली बार पिता बने क्रुणाल पंड्या, पत्नी पंखुड़ी ने दिया बेटे को जन्म
पहली बार पिता बने क्रुणाल (तस्वीर: ट्विटर/@krunalpandya24)

पहली बार पिता बने क्रुणाल पंड्या, पत्नी पंखुड़ी ने दिया बेटे को जन्म

लेखन Neeraj Pandey
Jul 24, 2022
04:06 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या पहली बार पिता बने हैं। क्रुणाल की पत्नी पंखुड़ी ने बेटे को जन्म दिया है। क्रुणाल ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी देते हुए अपने बेटे के नाम का भी खुलासा किया है। क्रुणाल ने अपने बेटे का नाम कवीर क्रुणाल पंड्या रखा है। क्रुणाल और पंखुड़ी की शादी 27 दिसंबर, 2017 को हुई थी और अब दोनों माता-पिता बन गए हैं।

रॉयल लंदन कप

इंग्लैंड में खेलते दिखेंगे क्रुणाल

पिता बनने से पहले क्रुणाल को एक और खुशखबरी मिली थी। इस महीने की शुरुआत में ही उन्हें वार्विकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब ने साइन किया था। क्रुणाल इस क्लब के लिए रॉयल लंदन कप में खेलते नजर आएंगे। 02 अगस्त से इस प्रतियोगिता की शुरुआत हो रही है और इसमें अच्छा प्रदर्शन करके क्रुणाल भारतीय टीम में अपने वापसी के दावे को भी मजबूत कर सकते हैं।

IPL 2022

IPL 2022 में बेहतरीन रहा था क्रुणाल का प्रदर्शन

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए क्रुणाल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 13 पारियों में 20.33 की औसत के साथ 183 रन बनाए थे जिसमें 42 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा था। गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन और अच्छा रहा था। उन्होंने 26.50 की औसत के साथ 10 विकेट लिए थे। इस दौरान उनकी इकॉनमी सात से भी कम की रही थी।

करियर

ऐसा रहा है क्रुणाल का अंतरराष्ट्रीय करियर

क्रुणाल पंड्या ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय और 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। भारतीय टीम में अब तक अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए क्रुणाल ने 19 टी-20 मैचों में 15 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने अब तक खेले पांच वनडे मैचों में दो विकेट लिए हैं। क्रुणाल ने वनडे में 130 और टी-20 में 124 रन भी बनाए हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

31 साल के क्रुणाल ने एक साल से भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है। उन्होंने पिछले साल जुलाई में श्रीलंका के दौरे पर आखिरी बार भारत के लिए कोई मैच खेला था।