जानिए कौन हैं इंग्लिश क्रिकेटर जॉन टर्नर, जिन्होंने सिर्फ 25 साल की उम्र में लिया संन्यास
क्या है खबर?
क्रिकेट के खेल में आमतौर पर खिलाड़ी 35 साल के बाद संन्यास लेते हैं। हालांकि, कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हुए हैं, जिन्हें बेहद कम उम्र में खेल से संन्यास लेने पर मजबूर होना पड़ता है। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के जॉन टर्नर ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें महज 25 साल की उम्र में क्रिकेट को अलविदा कहना पड़ा है। चोट के चलते उन्होंने अपने करियर का अंत किया है। आइए उनके बारे में विस्तार से जानते हैं।
बयान
लगातार चोटों के चलते लिया संन्यास
क्रिकइंफो के मुताबिक, टर्नर ने एक बयान में कहा, "मैंने खेल से संन्यास लेने का फैसला किया है। यह मेरे लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक रहा है। स्ट्रेस फ्रैक्चर, जिसकी वजह से मैं एक साल से ज्यादा समय तक खेल से दूर रहा, और मेरी चोटों का इतिहास, इन सबने मुझे एक क्रिकेटर के तौर पर और खेल के बाद अपने भविष्य के बारे में सोचने पर मजबूर किया।"
परिचय
दक्षिण अफ्रीका में जन्में हैं टर्नर
टर्नर का जन्म दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग शहर में 10 अप्रैल, 2001 को हुआ था।
टर्नर ने दक्षिण अफ्रीका के मशहूर स्कूल, हिल्टन कॉलेज में पढ़ाई की, लेकिन अपनी ब्रिटिश मां की वजह से मिले ब्रिटिश पासपोर्ट के कारण यूनिवर्सिटी की पढ़ाई के लिए यूनाइटेड किंगडम चले गए।
सफल ट्रायल के बाद 2021 में वह हैम्पशायर क्रिकेट क्लब से जुड़े और यहां से उनके क्रिकेटिंग करियर की शुरुआत हुई।
हैम्पशायर
हैम्पशायर और लंकाशायर का किया प्रतिनिधित्व
टर्नर ने अपने संन्यास के मौके पर अपने क्लब का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, "पेशेवर और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना हमेशा से मेरा सपना रहा है, और हैम्पशायर और इंग्लैंड के लिए ऐसा करना बचपन के उन्हीं सपनों को सच करने जैसा है।"
उन्हें हैम्पशायर काउंटी टीम में जगह बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा और वे उनके लिए 7 प्रथम श्रेणी मैच ही खेल पाए। इसके अलावा, 2025 में उन्होंने लंकाशायर के लिए भी 3 मैच खेले थे।
करियर
टर्नर ने इंग्लैंड से खेले कुल 4 अंतरराष्ट्रीय मैच
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज टर्नर ने 2024 में अपने वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय की शुरुआत की थी।
उन्होंने 2 वनडे मैचों में 6.18 की इकॉनमी रेट के साथ सिर्फ 2 ही विकेट लिए थे।
टर्नर ने 2 ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय में देश का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन्होंने एक विकेट हासिल किया।
अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 10 मैचों में 25 विकेट और लिस्ट-A में 19 मैचों में 37 विकेट चटकाए।
उन्होंने 35 टी-20 में 48 विकेट दर्ज किए।