Page Loader
मोहम्मद शमी ने वनडे क्रिकेट में कब-कब लिए 5 विकेट? 
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं शमी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

मोहम्मद शमी ने वनडे क्रिकेट में कब-कब लिए 5 विकेट? 

Nov 03, 2023
02:47 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 में विजय रथ पर सवार भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को हराकर अपनी 7वीं जीत दर्ज की है। भारत की जीत में मोहम्मद शमी की अहम भूमिका रही, जिन्होंने 5 विकेट चटकाए। शमी इस समय जोरदार फॉर्म में चल रहे हैं और पिछले 3 मैचों में कुल 14 विकेट ले चुके हैं। आइए शमी के द्वारा वनडे क्रिकेट में लिए फाइव विकेट हॉल पर एक नजर डालते हैं।

वनडे करियर

वनडे में सर्वाधिक फाइव विकेट हॉल वाले भारतीय हैं शमी

33 वर्षीय शमी ने अब तक 97 मैचों में 24.08 की औसत से 186 विकेट लिए हैं। इस प्रारूप में उनकी इकॉनमी रेट 5.54 की रही है। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है। शमी वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक 5 विकेट हॉल (4) लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। हरभजन सिंह (3) इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं।

शमी

इंग्लैंड बनाम भारत,  विश्व कप 2019

शमी ने विश्व कप 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में अपने 10 ओवर में 69 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। उन्होंने जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, इयोन मोर्गन, क्रिस वोक्स और जोस बटलर के विकेट लिए थे। यह उनके वनडे क्रिकेट में पहला 5 विकेट हॉल था। उनकी उम्दा गेंदबाजी के बावजूद इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में भारतीय टीम 306/5 का स्कोर ही बना सकी थी।

बनाम ऑस्ट्रेलिया 

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2023 

शमी ने इसी साल अक्टूबर में मोहाली में खेले गए वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 51 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। यह उनका कंगारू टीम के खिलाफ इकलौता फाइव विकेट हॉल है। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने सभी विकेट खोकर 276 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल किया था।

न्यूजीलैंड

भारत बनाम न्यूजीलैंड, विश्व कप 2023 

विश्व कप 2023 में शमी को न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में मौका मिला, जिसमें उन्होंने अपने चयन को सही ठहराया। शमी ने धर्मशाला में खेले गए मैच में अपने 10 ओवर में 54 रन देते हुए 5 विकेट लिए। उन्होंने रचिन रविंद्र, विल यंग, डेरिल मिचेल, मिचेल सेंटनर और मैट हेनरी के विकेट चटकाए। यह उनका कीवी टीम के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। उनकी घातक के चलते ही न्यूजीलैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए 273 रन बना पाया था।

श्रीलंका

भारत बनाम श्रीलंका, विश्व कप 2023

शमी ने विश्व कप 2023 में अपनी जबरदस्त फॉर्म जारी रखते हुए श्रीलंका के खिलाफ अपने 5 ओवर में 18 रन देते हुए 5 विकेट लिए। यह उनके वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। उनकी गति और स्विंग का विपक्षी बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं दिखा और श्रीलंकाई टीम महज 55 रन पर ही सिमट गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए 357/8 का स्कोर बनाने वाली भारतीय टीम ने मुकाबला 302 रन से जीता।