LOADING...
पेरिस ओलंपिक 2024 में कुल 32 खेलों में हिस्सा लेंगे खिलाड़ी, जानिए दिलचस्प बातें
26 जुलाई से शुरू होंगे पेरिस ओलंपिक (तस्वीर: एक्स/@Paris2024)

पेरिस ओलंपिक 2024 में कुल 32 खेलों में हिस्सा लेंगे खिलाड़ी, जानिए दिलचस्प बातें

Jul 15, 2024
05:01 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक की शुरुआत 26 जुलाई, 2024 से होगी, जिसमें दुनिया भर के लगभग 10,500 खिलाड़ी हिस्सा लेते हुए नजर आएंगे। पिछले टोक्यो ओलंपिक में भारत की झोली में कुल 7 पदक आए थे और भारतीय दल के खिलाड़ी आगामी संस्करण में पदक संख्या में इजाफा करना चाहेंगे। इस बार भारत के 110 से अधिक खिलाड़ी पेरिस की धरती पर अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं। इस बीच पेरिस ओलंपिक से जुड़ी दिलचस्प जानकारियों के बारे में जानते हैं।

मेजबानी 

तीसरी बार पेरिस में होगा ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों का आयोजन

यह तीसरा मौका होगा, जब फ्रांस की राजधानी पेरिस में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेल होंगे। इससे पहले 1900 और 1924 में पेरिस खेलों के महाकुंभ की मेजबानी कर चुका है। पेरिस सिर्फ दूसरा शहर होगा जो 3 ओलंपिक खेलों की मेजबानी कर चुका है। दिलचस्प रूप से लंदन में 1908, 1948 और 2012 में ओलंपिक खेल खेले जा चुके हैं। अमेरिका के लॉस एंजिल्स में भी अब तक 2 ओलंपिक (1932 और 1984) सम्पन्न हुए हैं।

प्रतिबंध 

रूस और बेलारूस के खिलाड़ी बतौर न्यूट्रल एथलीट्स लेंगे हिस्सा 

रूस और बेलारूस के खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक में अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे। दरअसल, रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध करने को लेकर प्रतिबंधित किया है। ऐसे ही बेलारूस ने रूस का साथ दिया है, जिसके चलते उन्हें भी इजाजत नहीं है। दिलचस्प रूप से इन देशों के खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक में 'न्यूट्रल एथलीट्स' के तौर पर हिस्सा लेते हुए नजर आएंगे। अगर इन देशों के खिलाड़ी कोई पदक जीतेंगे, तो उनका राष्ट्रगान नहीं चलाया जाएगा।

समारोह 

स्टेडियम में नहीं होगा उद्घाटन समारोह

इतिहास में पहली बार ओलंपिक खेलों का उद्घाटन समारोह स्टेडियम में नहीं होगा। 26 जुलाई, 2024 को हजारों की संख्या में सभी देशों के संबंधित खिलाड़ी पेरिस से होकर बहने वाली सीन नदी के 6 किलोमीटर रास्ते पर नावों में परेड करेंगे। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए पहले 6 लाख लोगों को अनुमति देने की योजना थी। लेकिन अब सरकार का कहना है कि केवल 3 लाख आमंत्रित अतिथियों को ही वहां आने की इजाजत होगी।

खेल 

ओलंपिक में पहली बार देखने को मिलेगा 'ब्रेकिंग'

पेरिस ओलंपिक में स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग, सर्फिंग और ब्रेकिंग के रूप में 4 गैर-पारंपरिक खेलों का भी आयोजन होगा। ब्रेकिंग जिसे ब्रेक डांसिंग के नाम से भी जाना जाता है, पहली बार किसी ओलंपिक में खेला जाएगा। वहीं, स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और सर्फिंग सभी पहली बार 2020 टोक्यो ओलंपिक में खेले जा चुके हैं। बता दें कि पेरिस ओलंपिक में कुल 32 खेलों में खिलाड़ी पदक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।