केएल राहुल ने अफगानिस्तान के खिलाफ जड़ा पहला टेस्ट शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज केएल ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट की पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतकीय पारी (100) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां और अफगान टीम के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 164 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी से भारतीय टीम शुरुआती झटके से उभरकर बड़े स्कोर की ओर अग्रसर हो पाई। आइए राहुल की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही राहुल की पारी और साझेदारी?
भारत को पहले बल्लेबाजी करते हुए 41 रन के कुल स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (24) के रूप में पहला झटका लग गया था। उसके बाद राहुल ने साई सुदर्शन (81) के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 184 गेंदों में 139 रन की साझेदारी हुई। राहुल ने पहले अर्धशतक पूरा किया और फिर उसे शतक में तब्दील कर दिया। वह 165 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 100 रन बनाकर आउट हुए।
बल्लेबाजी
राहुल ने पूरे किए 9,000 प्रथम श्रेणी रन
अपनी पारी का तीसरा रन बनाते ही राहुल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 9,000 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने 121वें मैच की 210वीं पारी में लगभग 46 की औसत से यह कारनामा किया है। उनके बल्ले से 26 शतक और 42 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 337 रन है। घरेलू क्रिकेट में ये खिलाड़ी कर्नाटक क्रिकेट टीम के लिए खेलता है। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 148 मैच की 140 पारियों में 5,430 रन बनाए हैं।
प्रदर्शन
अफगानिस्तान के खिलाफ कैसा रहा है राहुल का प्रदर्शन?
राहुल का अफगानिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है। यह उनका इस टीम के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच है। वह भारत और अफगानिस्तान के बीच इससे पहले खेले गए एकमात्र टेस्ट में भी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 2 मैच की 2 पारियों में 50+ के स्कोर किए हैं। पिछले बार उन्होंने अर्धशतक जड़ा था और इस बार उन्हाेंने शतक जड़ दिया। वह 2 पारियों में 77 की औसत से 154 रन बनाने में सफल रहे हैं।
करियर
कैसा रहा है राहुल का टेस्ट करियर?
राहुल ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 68 मैचों की 119 पारियों में 4,153 रन बना चुके हैं। उनकी औसत 36 से अधिक की रही है। उन्होंने 12 शतकों के साथ-साथ 20 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 199 रन का रहा है। राहुल ने घरेलू सरजमीं पर 25 मैचों की 40 पारियों में 3 शतकों के साथ 1,500 से अधिक रन बनाए हैं।