
केएल राहुल ने पूरे किए अपने 8,000 टी-20 रन, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 60वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के केएल राहुल ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ अहम उपलब्धि हासिल की।
दरअसल, उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 8,000 रन पूरे किए। उन्होंने GT के खिलाफ मैच में 33 रन बनाते ही ये आंकड़ा छूआ।
वह अपने शानदार IPL करियर में अब तक 5,000 से अधिक रन बना चुके हैं।
आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
इस सूची में शामिल हुए राहुल
राहुल ने अपने 237वें मैच की 224 पारी में 8,000 टी-20 रन पूरे किए। ये रन उन्होंने लगभग 42 की औसत के साथ बनाए हैं।
कुल मिलाकर, राहुल टी-20 में 8,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले सिर्फ छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
वह विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सुरेश रैना और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गज बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं।
उपलब्धि
तीसरे सबसे तेज 8,000 टी-20 रन
टी-20 क्रिकेट में राहुल पारियों के लिहाज से तीसरे सबसे तेज 8,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ क्रिस गेल (213) और बाबर आजम (218) हैं।
वहीं, भारतीय बल्लेबाजों में राहुल के बाद कोहली ने 243 पारियों में 8,000 रन पूरे किए थे।
पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने इस आंकड़े को छूने के लिए 244 पारियों का सहारा लिया था।
करियर
ऐसा है राहुल का IPL करियर
राहुल ने साल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 143 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 136 पारियों में लगभग 45 की औसत से 5,100 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 41 अर्धशतक निकले हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 134* रन का रहा है। उन्होंने विकेट के पीछे भी शानदार प्रदर्शन किया है।