Page Loader
KKR बनाम LSG: मिचेल मार्श ने जड़ा IPL 2025 में चौथा अर्धशतक, जानिए आंकड़े
मिचेल मार्श ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

KKR बनाम LSG: मिचेल मार्श ने जड़ा IPL 2025 में चौथा अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Apr 08, 2025
05:14 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने ईडन गार्डन स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी (81) खेली। यह उनके IPL करियर का 7वां और इस संस्करण का चौथा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 36 गेंदों में पूरा कर लिया। उनकी तेज तर्रार पारी की बदौलत ही LSG की टीम बड़े स्कोर की ओर अग्रसर हुई। आइए मार्श की पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही मार्श की पारी और साझेदारी?

पहले बल्लेबाजी करने उतरी LSG को मार्श और एडेन मार्करम (47) ने शानदार शुरुआत दिलाई। मार्श ने KKR के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और मैदान के चारों ओर शॉट्स खेले। दोनों पहले विकेट के लिए 62 गेंदों में ही 99 रन जोड़ दिए। इसके बाद मार्श ने निकोलस पूरन के साथ दूसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी निभाई। मार्श पारी में 48 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 81 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

जानकारी

IPL 2025 में कैसा रहा है मार्श का प्रदर्शन?

IPL 2025 में मार्श का प्रदर्शन शानदार रहा है। वह 5 मैचों में 53 की औसत और 180.27 की स्ट्राइक रेट से 265 रन बना चुके हैं। उन्होंने 4 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनके पिछले 5 स्कोर क्रमश: 72, 52, 0, 60, 81 रहे हैं।

करियर

कैसा रहा है मार्श का IPL करियर?

मार्श ने साल 2010 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 47 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 41 पारियों में 23.85 की औसत और 139.22 की स्ट्राइक रेट से 930 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89 रन रहा है। उन्होंने IPL में 21.49 की औसत से 37 विकेट भी झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/25 का रहा है।