KKR के सह मालिक जय मेहता बेचेंगे अपनी हिस्सेदारी, जानिए क्या है योजना
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक जय मेहता टीम में अपनी हिस्सेदारी का एक बड़ा हिस्सा बेचने जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, मेहता KKR में अपनी कुल 45 प्रतिशत हिस्सेदारी में से आधी यानी 22.5 प्रतिशत हिस्सेदारी अमेरिका स्थित निवेश प्रबंधन फर्म एरेस मैनेजमेंट को बेचेंगे। क्रिकबज के हवाले से बताया गया है कि यह सौदा लगभग 40 करोड़ डॉलर (लगभग 3,740 करोड़ रुपये) में तय हुआ है।
कंपनी
एरेस मैनेजमेंट क्या हैं?
एरेस मैनेजमेंट एक निवेश प्रबंधन फर्म है, जिसके कई वैश्विक खेल संपत्तियों में हिस्सेदारी हैं। इनमें प्रीमियर लीग क्लब चेल्सी FC और NFL फ्रैंचाइज मियामी डॉल्फिन्स शामिल हैं।
मेहता और एरेस के बीच यह सौदा पूरी तरह से कैश में हुआ है और लगभग पूरा होने वाला है।
हालांकि, इसे अभी भी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से आधिकारिक मंजूरी की जरूरत है। मानक प्रक्रिया के तहत, BCCI नए मालिक की जांच करेगा।
लाभ
BCCI को मिलेगी सौदे की 5 प्रतिशत हिस्सेदारी
स्टैंडर्ड प्रोसीजर के अनुसार, इस सौदे में BCCI की आधिकारिक मंजूरी की बहुत अधिक आवश्यकता है क्योंकि बोर्ड को इस सौदे के कुल मूल्य का 5 प्रतिशत हिस्सा भी मिलेगा, जो लगभग 2 करोड़ डॉलर (करीब 200 करोड़ रुपये) बैठता है।
बता दें कि साल 2022 में CVC कैपिटल की ओर से गुजरात टाइटंस (GT) की हिस्सेदारी खरीदने के बाद से IPL फ्रेंचाइजी में अमेरिका की कंपनियों की दिलचस्पी काफी बढ़ गई है।
रुचि
ये अमेरिकी कंपनी भी दिखा चुकी है रुचि
एरेस मैनेजमेंट के अलावा ब्लैकस्टोन और बोल्ट वेंचर्स जैसी अमेरिकी कंपनियां भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्वामित्व समूह का हिस्सा हैं, जिसमें आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ग्रुप भी शामिल हैं।
बता दें कि पिछले साल CVC ने अमेरिका के टोरेंट ग्रुप को GT की 67 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची थी और अब उसके पास केवल अल्पमत की 33 प्रतिशत हिस्सेदारी बची हैं।
ऐसे में अन्य अमेरिकी कंपनियां भी टीमों में रुचि ले रही हैं।
हिस्सेदारी
शाहरुख खान के पास है KKR की 55 प्रतिशत हिस्सेदारी
बता दें कि बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी कंपनी KKR स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से KKR में 55 प्रतिशत बहुमत हिस्सेदारी रखते हैं।
जय मेहता और उनकी अभिनेत्री पत्नी जूही चावला साल 2007 से ही टीम के सह-मालिक हैं।
KKR इस प्रतिष्ठित लीग की तीसरी सबसे सफल टीम रही है। टीम ने 3 बार IPL का खिताब जीता है। उसने साल 2012, 2014 और 2024 में खिताब जीता था और 2021 में उपविजेता रही थी।