BWF विश्व चैंपियनशिप: सेमीफाइनल में पहुंचे श्रीकांत, क्वार्टर फाइनल में सिंधु को मिली हार

स्पेन में खेली जा रही BWF विश्व चैंपियनशिप में भारत के किदाम्बी श्रीकांत ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में श्रीकांत ने नीदरलैंड के मार्क कलजौव को सीधे गेम में 21-8, 21-7 से हरा दिया। दूसरी तरफ महिलाओं में भारतीय स्टार पीवी सिंधु के बार फिर ताई जू की चुनौती को पार नहीं कर सकी और सीधे गेम में हारकर बाहर हुई। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
यह पहला मौका था जब श्रीकांत का सामना कलजौव से हुआ। क्वार्टर फाइनल में श्रीकांत ने पहले गेम की शुरुआत से ही दबदबा बना कर रखा और मध्यांतर तक 11-5 की बढ़त हासिल की। इसके बाद भी पूर्व विश्व नंबर एक श्रीकांत ने पहला गेम आसानी से जीता और डच प्रतिद्वंदी को दोहरे अंक तक नहीं पहुंचने दिया। वहीं दूसरे गेम में भी श्रीकांत ने अपना वर्चस्व बरकरार रखा और 21-8, 21-7 से मुकाबला अपने नाम किया।
भारत से विश्व चैंपियनशिप में पहला पदक पूर्व दिग्गज प्रकाश पादुकोण ने जीता था। उन्होंने 1983 में कांस्य पदक अपने नाम किया था। वहीं बी साई प्रणीत ने 2019 में कांस्य पदक हासिल किया था। अब श्रीकांत विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले तीसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बनने के लिए तैयार हैं। बता दें पीवी सिंधु ने विश्व चैंपियनशिप में एक स्वर्ण (2019 में) सहित कुल पांच पदक जीते हैं। वह स्वर्ण जीतने वाली इकलौती भारतीय हैं।
टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता पीवी सिंधु का विश्व चैंपियनशिप में सफर क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया। विश्व नंबर एक ताई जू ने सिंधु को सीधे गेम में 21-17, 21-13 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। यह ताई जू की सिंधु के खिलाफ लगातार पांचवी जीत है। बता दें ताई जू ने टोक्यो ओलिंपिक के सेमीफाइनल में सिंधु को मात दी थी और उनका स्वर्ण जीतने का सपना तोड़ा था।
दो ओलंपिक पदक जीत चुकी सिंधु और ताई जू के बीच यह 20वां मैच था, जिसमें चीनी ताइपे की स्टार शटलर की यह 15वीं जीत है। दूसरी तरफ सिंधु सिर्फ पांच मैच ही जीत सकी है।