केशव महाराज ने श्रीलंका की दूसरी पारी में चटकाए 5 विकेट, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने दूसरे और आखिरी टेस्ट में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 109 रन से हराते हुए सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमाया।
सेंट जॉर्ज पार्क में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 348 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम अपनी दूसरी पारी में 238 पर सिमट गई।
श्रीलंका की पारी को समेटने में 5 विकेट हॉल लेने वाले केशव महाराज की अहम भूमिका रही।
आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही महराज की गेंदबाजी
श्रीलंका की पहली पारी के दौरान 2 विकेट हासिल करने वाले महाराज ने दूसरी पारी में 25 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 76 रन देते हुए 5 सफलताएं हासिल की।
उन्होंने कामिंदु मेंडिस (41), एंजेलो मैथ्यूज (32), कुसल मेंडिस (46), प्रभात जयसूर्या (9) और विश्वा फर्नांडो (5) को अपना शिकार बनाया।
यह उनका श्रीलंका के खिलाफ दूसरा 5 विकेट हॉल रहा।
इस टीम के विरुद्ध उन्होंने 10 मैचों में 29.02 की औसत से 36 विकेट लिए हैं।
5 विकेट हॉल
महाराज ने लिया अपना 11वां 5 विकेट हॉल
महाराज ने अपने टेस्ट करियर में 11वीं बार पारी में 5 विकेट हॉल हासिल किया।
उन्होंने 2016 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले से अपने करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने अब तक 56 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 29.67 की औसत के साथ 193 विकेट लिए हैं।
महाराज दक्षिण अफ्रीका की ओर से नौवें सर्वाधिक टेस्ट विकेट वाले गेंदबाज हैं। वह जल्द ही दक्षिण अफ्रीका की ओर से 200 टेस्ट विकेटों वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे।
आंकड़े
घर के मुकाबले विदेशों में बेहतर रहा है महाराज का प्रदर्शन
महाराज ने दक्षिण अफ्रीका में अब तक 28 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 30.44 की औसत के साथ 81 विकेट चटकाए हैं।
इस बीच पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 32 रन देते हुए 7 विकेट लेना रहा है। वह 6 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं।
विदेशों में उन्होंने 28 टेस्ट में 29.11 की औसत के साथ 112 विकेट चटकाए हैं। इस बीच वह 5 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम कर चुके हैं।
लेखा-जोखा
दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को सीरीज में 2-0 से हराया
दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज को 2-0 से जीतने के साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
WTC 2023-25 की अंक तालिका में 63.33 प्रतिशत अंक के साथ ये टीम शीर्ष पर पहुंच गई है।
मौजूदा चक्र दक्षिण अफ्रीका को पाकिस्तान के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज खेलनी है। इसमें से एक जीत भी प्रोटियाज टीम की WTC के फाइनल का टिकट तय कर देगी।