जस्टिन लैंगर ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कोच पद से दिया इस्तीफा
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया टीम के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। लैंगर की प्रबंधन कंपनी DSEG ने शनिवार को एक बयान के माध्यम से घोषणा की है।
साल 2018 में सैंडपेपर विवाद के बाद लैंगर को ऑस्ट्रेलिया का हेडकोच बनाया गया था। उन्हें डेरेन लेहमन के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
उनके कोचिंग कार्यकाल की आखिरी सीरीज एशेज 2021-22 साबित हुई।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
ट्वीट
लैंगर के मैनेजर जेम्स हेंडरसन ने दी जानकारी
लैंगर के मैनेजर जेम्स हेंडरसन ने ट्वीट करके ये जानकारी दी है।
उन्होंने ट्वीट किया, 'एक खिलाड़ी के रूप में जस्टिन लैंगर 5-0 से एशेज जीत चुके हैं। आज उन्होंने टी-20 विश्व कप और एशेज जीतने वाले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कोच के रूप में अपना समय पूरा किया है।'
बता दें ऑस्ट्रेलिया से 105 टेस्ट में 7,696 रन बनाने वाले लैंगर उस टीम का हिस्सा थे, जिन्होंने 2006/07 में एशेज को 5-0 से अपने नाम किया था।
बयान
हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं- निक हॉकले
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO निक हॉकले ने लैंगर के कार्यकाल की सरहाना की है।
उन्होंने कहा, "जस्टिन पिछले चार सालों में ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के एक उत्कृष्ट कोच रहे हैं। उन्होंने टीम में विश्वास बहाल किया है। हमें 2018 में पदभार संभालने के बाद से उनकी उपलब्धियों पर बेहद गर्व है, जिसमें हालिया टी-20 विश्व कप और एशेज की सफलता शामिल है। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।"
कार्यकाल
कोच के रूप में भी शानदार रहा है लैंगर का कार्यकाल
मई 2018 में लैंगर को ऑस्ट्रेलिया का हेडकोच बनाया गया था। लैंगर ने सैंडपेपर विवाद के बाद अपना पद छोड़ने वाले डेरेन लेहमन की जगह ली थी। उन्होंने 2021 में ऑस्ट्रेलिया को पहली बार टी-20 विश्व कप चैंपियन बनाया था।
इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने अपने घर में 4-0 से एशेज सीरीज भी जीती है। 2019 में इंग्लैंड में एशेज 2-2 से ड्रॉ रही थी और उस साल वे विश्व कप सेमीफाइनल में भी गए थे।
उपलब्धि
हॉल ऑफ फेम में शामिल किए गए लैंगर
हाल ही में लैंगर ऑस्ट्रेलिया की हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 58वें खिलाड़ी बने हैं।
हॉल ऑफ फेम के चेयरमैन पीटर किंग ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट में लैंगर ने चार दशकों में काम किया है।
उन्होंने आगे कहा, "पहले वह खिलाड़ी के तौर पर उस सफलतम टीम का हिस्सा रहे जिसने पूरी दुनिया में नाम कमाया। कोच के रूप में वह बेहद जरूरत के समय टीम में आए और शानदार तरीके से टीम को लीड किया।"