Page Loader
भारतीय टीम में चुने गए यश दयाल का कैसा रहा है प्रथम श्रेणी करियर? जानिए आंकड़े
टेस्ट टीम में चुने गए हैं यश दयाल (तस्वीर: एक्स/@gujarat_titans)

भारतीय टीम में चुने गए यश दयाल का कैसा रहा है प्रथम श्रेणी करियर? जानिए आंकड़े

Sep 09, 2024
10:37 am

क्या है खबर?

बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपनी टीम घोषित की है। रोहित शर्मा की कप्तानी में यश दयाल को 16 सदस्यीय टीम में चुना गया है। दयाल ने अब तक अंतरराष्ट्रीय पदार्पण नहीं किया है। वह हाल ही में दलीप ट्रॉफी के पहले मुकाबले में खेलते हुए नजर आए थे। आइए उनके अब तक के सफर के बारे में जानते हैं।

परिचय 

कौन हैं यश दयाल?

दयाल का जन्म 13 दिसंबर, 1997 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज), उत्तर प्रदेश में हुआ था। उनके पिता चंद्रपाल क्लब क्रिकेट खेल चुके थे और ऐसे में उन्होंने अपने बेटे को क्रिकेटर बनाने में पूरा सहयोग दिया। जूनियर क्रिकेट में दयाल राज्य की टीम में जगह बनाने पाने में नाकामयाब रहे। हालांकि, उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी और अंडर-23 टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। आखिरकार 2018 में उन्होंने उत्तर प्रदेश की ओर से लिस्ट-A और प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था।

रणजी 

अपने पहले रणजी सीजन में लिए थे 30 विकेट 

दयाल ने अपने पहले ही रणजी ट्रॉफी सत्र में प्रभावित किया था। उन्होंने 2018-19 सीजन में 8 मैच खेले, जिसमें 24.70 की औसत के साथ 30 विकेट लिए थे। वह उस सीजन में उत्तर प्रदेश की ओर से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। हाल ही में दयाल ने इंडिया-B की ओर से खेलते हुए दलीप ट्रॉफी के अपने पहले मुकाबले में इंडिया-A के खिलाफ कुल 4 विकेट (1/39 और 3/50) चटकाए थे।

IPL 

दयाल ने अपने पहले IPL सीजन में ही मचाया था धमाल  

दयाल को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की बड़ी नीलामी में गुजरात टाइटंस (GT) ने 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस युवा गेंदबाज ने अपने डेब्यू मैच में ही राजस्थान रॉयल्य (RR) के खिलाफ 3/40 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने पहले IPL सीजन में 9.25 की इकॉनमी रेट से 9 मैचों में 11 विकेट लिए थे। GT ने अपने पहले ही सीजन में खिताबी जीत हासिल की थी, जिसमें दयाल का बड़ा योगदान था।

2023 

IPL 2023 में एक ओवर में पिटाए 5 छक्के 

दयाल के लिए IPL 2023 किसी बुरे सपने जैसा रहा था। KKR के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने उनके ओवर में 5 छक्के लगाए थे और दयाल उस मुकाबले में GT की हार का कारण बने थे। उस सीजन में दयाल ने 5 मैचों में सिर्फ 2 विकेट लिए थे। इसके बाद दयाल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 5 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने IPL 2024 में 14 मैचों में 30.60 की औसत से 15 विकेट लिए थे।

आंकड़े 

ऐसा रहा है दयाल का करियर 

अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 24 मैचों में 28.89 की औसत से 76 विकेट लिए हैं। इस बीच वह 1 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। टी-20 क्रिकेट में 56 मैच खेले हैं और 29.4 की औसत से 53 विकेट झटके हैं। उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बात करें तो वह 3/20 का रहा है। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 20 मुकाबले खेले हैं और 23.25 की औसत से 32 विकेट लेने में सफल रहे हैं।