वनडे क्रिकेट: जेडन लेनॉक्स ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड के लिए ऐसा करने वाले पहले स्पिनर बने
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बाएं हाथ के स्पिनर जेडन लेनॉक्स ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। 31 वर्षीय लेनॉक्स ने 5 मैचों की सीरीज में कुल 14 विकेट झटके और न्यूजीलैंड को 3-2 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया। वह अब द्विपक्षीय वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं।
सफल
सीरीज में ऐसा रहा लेनॉक्स का प्रदर्शन
न्यूजीलैंड सीरीज के आखिरी वनडे हार गया, लेकिन लेनॉक्स टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे।
उन्होंने 9 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके बावजूद वेस्टइंडीज ने 269 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
लेनॉक्स ने पूरी सीरीज में 13.64 की शानदार औसत और 4.34 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट अपने नाम किए।
यह उनके करियर की केवल तीसरी द्विपक्षीय वनडे सीरीज थी। उन्होंने इसी साल भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था।
आंकड़े
लेनॉक्स ने ये रिकॉर्ड भी बनाया
लेनॉक्स के अलावा न्यूजीलैंड का कोई भी स्पिनर किसी वनडे सीरीज में 11 विकेट भी नहीं ले पाया है।
लेनॉक्स ने वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 14 विकेट लेने के मामले में ज्योफ एलॉट (दक्षिण अफ्रीका, 1998-99) और आंद्रे एडम्स (भारत, 2002-03) की बराबरी कर ली है।
उन्होंने टिम साउथी (इंग्लैंड के खिलाफ 2008 में 13 विकेट) को पीछे छोड़ते हुए विदेशी सरजमीं पर न्यूजीलैंड के सबसे सफल गेंदबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
हॉल
लगातार 2 मुकाबलों में की शानदार गेंदबाजी
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में लेनॉक्स ने 8 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट लिए। यह उनके वनडे करियर का पहला 5 विकेट हॉल था।
यह प्रदर्शन वनडे इतिहास में किसी न्यूजीलैंड स्पिनर का तीसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है।
इसके बाद उन्होंने तीसरे मुकाबले में 10 ओवर में 52 रन देकर 4 विकेट लिए।
उन्होंने अब तक 10 वनडे मैचों में 17.86 की औसत और 4.22 की इकॉनमी रेट से 22 विकेट ले चुके हैं।
बयान
लेनॉक्स ने कही ये बात
लेनॉक्स ने माना कि कैरेबियाई परिस्थितियों ने उनके स्पिन गेंदबाजी के लिए काफी मददगार साबित हुईं।
उन्होंने कहा, "यह अनुभव काफी मजेदार रहा। ऐसी पिचों पर खेलना जो स्पिन गेंदबाजों के अनुकूल थीं मेरे लिए सीखने का शानदार मौका रहा।"
लेनॉक्स ने यह भी कहा कि ऐसी द्विपक्षीय सीरीज विदेशी परिस्थितियों में सीखने और अनुभव हासिल करने का बेहतरीन अवसर होती हैं।
न्यूजीलैंड ने सीरीज के दूसरे, तीसरे और चौथे मुकाबले में जीत दर्ज की थी।