भारतीय टीम में धोनी की वापसी पर बोले सहवाग, कही ये बड़ी बात

पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी लगभग आठ महीनों से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। जहां कई लोगों का मानना है कि इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अच्छा प्रदर्शन करके वह टीम में वापसी कर सकते हैं तो वहीं कुछ लोग मानते हैं कि भारतीय जर्सी में उनका समय पूरा हो चुका है। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेन्द्र सहवाग का भी मानना है कि धोनी की टीम में वापसी काफी मुश्किल है।
सहवाग ने कहा कि धोनी की टीम में वापसी काफी मुश्किल है और उनको लेकर चयनकर्ता आगे बढ़ चुके हैं और उन्होंने धोनी का विकल्प खोज लिया है। उन्होंने कहा, "वह टीम में कहां फिट होंगे? रिषभ पंत और केएल राहुल के पहले से ही फॉर्म में होने और खास तौर से राहुल के शानदार प्रदर्शन के बाद हमारे पास कोई कारण नहीं है कि हम उन पर भरोसा नहीं दिखाएं।"
भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता और चयनकर्ता समिति के एक सदस्य के पद के लिए आवेदकों से धोनी के भविष्य के बारे में सवाल पूछे गए थे। इसके बाद नए मुख्य चयनकर्ता सुनील जोशी ने धोनी के टीम में वापसी के बारे में टिप्पणी की थी। जोशी ने कहा था कि यदि धोनी IPL 2020 में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनकी टीम में वापसी के बारे में विचार किया जाएगा।
यह बात तो साफ है कि IPL में अच्छा प्रदर्शन करके ही धोनी के लिए टीम में वापसी के दरवाजे खुलेंगे। हालांकि, कोरोना वायरस के चलते IPL को 15 अप्रैल तक के लिए आगे खिसका दिया गया है और अभी इसके आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यदि IPL नहीं होगा तो धोनी के लिए वापसी के दरवाजे बंद हो सकते हैं। धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ ट्रेनिंग के लिए चेन्नई पहुंचे थे, लेकिन ये निलंबित हो गई।
धोनी ने भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला पिछले साल जुलाई में विश्व कप 2019 सेमीफाइनल के रूप में खेला था। इसके बाद से धोनी भारतीय टीम के लिए नहीं खेले हैं। इसी बीच BCCI ने उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों की लिस्ट से भी बाहर कर दिया गया था। हालांकि, ऐसा करने के पीछे उनका लंबे समय से भारत के लिए नहीं खेलने को कारण बताया गया था।