IPL: इन बल्लेबाजों ने किसी टीम के खिलाफ 1,000+ रन बनाने के बावजूद नहीं लगाया शतक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में अब तक गिनती के ही बल्लेबाजों ने किसी टीम के खिलाफ 1,000 रन बनाए हैं। विराट कोहली, रोहित शर्मा, डेविड वार्नर और शिखर धवन ने ही लीग इतिहास में कम से कम एक टीम के विरुद्ध 1,000 रन का आंकड़ा छूआ है। इस बीच उन बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने किसी एक टीम के खिलाफ 1,000+ रन बनाने के बावजूद शतक नहीं लगाया।
#1
विराट कोहली बनाम CSK (1,146 रन)
कोहली को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ बल्लेबाजी करना बेहद पसंद है। इस टीम के खिलाफ उन्होंने पहला मुकाबला 2008 में खेला था। कोहली ने 35 मैचों की 34 पारियों में 38.2 की औसत और 127.75 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,146 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने नाबाद 90 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 10 अर्धशतक भी लगाए हैं। वह इस टीम के विरुद्ध अब तक एक भी पारी में शून्य पर आउट नहीं हुए हैं।
#2
विराट कोहली बनाम DC (1,130 रन)
कोहली IPL में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। RCB के दिग्गज ने DC के खिलाफ 31 मैचों की 30 पारियों में लगभग 50 की औसत और 133.88 की स्ट्राइक रेट से 1,130 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 99 रन है। वह DC के खिलाफ 100 से अधिक चौके और 30 से अधिक छक्के लगा चुके हैं।
#3
डेविड वार्नर बनाम PBKS (1,134 रन)
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डेविड वार्नर ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 26 मैचों की 26 पारियों में 49.30 की औसत और 144.27 की स्ट्राइक रेट से 1,134 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 81 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 13 अर्धशतक लगाए हैं। वार्नर ने अपने IPL करियर में PBKS के अलावा KKR के विरुद्ध भी 1,000 रन का आंकड़ा पार किया है। हालांकि, KKR के खिलाफ उन्होंने 2 शतक लगाए थे।
#4
रोहित शर्मा बनाम DC (1,057 रन)
रोहित ने IPL की लगभग सभी टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। वह इस टीम के खिलाफ अब तक 37 मैच खेल चुके हैं, जिसमें 31.08 की औसत और 132.62 की स्ट्राइक रेट से 1,057 रन बनाए हैं। इसमें 74* रन के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने 6 अर्धशतक भी जमाए हैं। रोहित ने KKR के विरुद्ध भी 1,000 से अधिक रन बनाए हैं। हालांकि, उन्होंने KKR के खिलाफ एक शतक लगाया है।