IPL: MI ने रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच और मिचेल मैक्लेनघन को गेंदबाजी कोच नियुक्त किया
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने पूर्व भारतीय खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा को अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। इसके साथ-साथ MI ने न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी मिचेल मैक्लेनघन को अपना गेंदबाजी कोच बनाया है। MI ने शुक्रवार (30 अक्टूबर) को ये आधिकारिक ऐलान किया है। बता दें कि उथप्पा और मैक्लेनघन IPL में MI की ओर से खिलाड़ी के तौर पर खेल चुके थे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
कोच
MI ने कोचिंग दल में किए हैं बदलाव
उथप्पा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब कीरोन पोलार्ड को बल्लेबाजी कोच से प्रमोट करके प्रमुख कोच बनाया गया है, और उन्होंने महेला जयवर्धने की जगह ली है।
2026 के निराशाजनक सीजन के बाद MI की टीम में बड़े बदलावों के तहत, मुंबई ने लंबे समय से जुड़े रहे गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन से भी रास्ते अलग कर लिए हैं।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
From being part of our very first season to returning with a wealth of experience!
— Mumbai Indians (@mipaltan) October 30, 2026
Robbie brings a sharp understanding of the game, great communication, and the clarity to guide youngsters! 💪
Welcome back to the Paltan, Robin! आपला new Batting Coach. 💙 pic.twitter.com/OrIsO6dqgi
आंकड़े
MI से एक सीजन में खेले हैं उथप्पा
उथप्पा IPL के एक सीजन (2007-8) में MI से 14 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 35.55 की औसत और 114.69 की स्ट्राइक रेट के साथ 320 रन बनाए थे। उन्होंने 48 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ कोई अर्धशतक नहीं लगाया था।
अपने IPL करियर में उथप्पा ने कुल 6 टीमों से 205 मैच खेले, जिसमें 27.51 की औसत और 130.35 की स्ट्राइक रेट से 4,952 रन बनाए थे।
वह पहली बार IPL में कोचिंग करते हुए नजर आएंगे।
करियर
मैक्लेनघन ने अपने सभी मैच MI से खेले
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रहे मैक्लेनघन ने MI की ओर से 5 सीजन (2015-2019) में कुल 56 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 25.39 की औसत और 8.49 की इकॉनमी रेट के साथ 71 विकेट लिए थे।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 21 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा था।
वह MI के साथ 2015, 2017 और 2019 में खिताब जीत चुके थे।
2017 सीजन में उन्होंने 26.68 की औसत से 19 विकेट लिए थे।
फील्डिंग कोच
MI ने टी दिलीप और धवल कुलकर्णी को भी दी जिम्मेदारी
MI ने टी दिलीप को अपने कोचिंग दल में शामिल किया है।
भारतीय टीम के साथ सहायक कोच के रूप में काम कर चुके दिलीप को MI ने फील्डिंग कोच बनाया है।
बता दें कि दिलीप का कार्यकाल भारतीय टीम के साथ बेहद सफल रहा था।
वहीं, MI ने धवल कुलकर्णी को 'डेवलपमेंट बॉलिंग कोच' के तौर अपने साथ जोड़ा है। बता दें कि कुलकर्णी IPL में कुल 8 सीजन में MI की टीम से खेल चुके हैं।