Page Loader
IPL: महेंद्र सिंह धोनी का राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?
महेंद्र सिंह धोनी ने RR के खिलाफ बनाए हैं 40 की औसत से रन (तस्वीर: ट्विटर/@ChennaiIPL)

IPL: महेंद्र सिंह धोनी का राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?

Apr 11, 2023
03:40 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 17वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से एमए चिदंबरम स्टेडियम में होना है। अब तक CSK ने अपने पिछले 2 मैचों में जीत दर्ज की है और महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में टीम जीत की हैट्रिक लगाने का प्रयास करेगी। अब तक हुए मैचों में धोनी भी आक्रामक लय में नजर आए हैं। आइए उनके RR के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

करियर 

शानदार रहा है धोनी का IPL करियर 

धोनी का IPL करियर शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 236 मैच खेले हैं, जिसकी 208 पारियों में 39.09 की उम्दा औसत और 135.53 की स्ट्राइक रेट से 5,004 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 84* के उच्चतम स्कोर के साथ 24 अर्धशतक जमाए हैं। वह इस लीग में 80 बार नाबाद रहते हुए अब तक 347 चौके और 232 छक्के भी जमा चुके हैं। वह IPL में सातवें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

बनाम राजस्थान

धोनी ने RR के खिलाफ बनाए हैं 40 की औसत से रन 

धोनी को RR के खिलाफ बल्लेबाजी करना बेहद पसंद है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 26 मैचों में 40.07 की बेहतरीन औसत और 127.07 की स्ट्राइक रेट के साथ 521 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 75* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए हैं। वह उन 10 बल्लेबाजों में से एक हैं, जिन्होंने IPL में RR के खिलाफ 500 या उससे अधिक रन बनाए हैं।

प्रदर्शन 

RR के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ धोनी का प्रदर्शन 

IPL में धोनी ने ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ 44 गेंदों में 82 रन बनाए हैं। इस बीच वह 2 बार आउट हुए हैं। धोनी ने रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ धीमी बल्लेबाजी की है। उन्होंने अश्विन के खिलाफ 29 गेंदों में 31 रन बनाए हैं। इस बीच अश्विन उनका विकेट नहीं ले सके हैं। चहल के खिलाफ धोनी ने 74 गेंदों में 131.08 की स्ट्राइक रेट से 97 रन बनाए हैं। इस बीच वह 2 बार चहल का शिकार बने हैं।

IPL 2023 

IPL 2023 में कैसा रहा धोनी का प्रदर्शन?

धोनी मैच फिनिशर के तौर पर CSK से खेलते हैं और ऐसे में उन्हें अब तक ज्यादा बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका है। IPL 2023 में उन्होंने अब तक 2 पारियों में 26 रन बनाए हैं। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेले मैच में उन्होंने 7 गेंदों में 14 रन बनाए थे। इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 3 गेंदों में 12 रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी नहीं आई।