IPL: गुजरात टाइटंस के खिलाफ पंजाब किंग्स की ओर से किए गए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
क्या है खबर?
पंजाब किंग्स (PBKS) ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खेले गए अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ जोरदार शुरुआत की। विजयकुमार वैशाक की अगुवाई में PBKS के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए GT को मात्र 162/6 के स्कोर पर रोक दिया। वैशाक PBKS के गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ रहे और उन्होंने 3 विकेट लिए। GT के खिलाफ PBKS के लिए गेंदबाजी में उनका प्रदर्शन अब तीसरा सर्वश्रेष्ठ है।
#1
कगिसो रबाडा - 4/33, IPL 2022
दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा इस सूची में शीर्ष स्थान पर हैं। वह IPL में GT के खिलाफ PBKS के लिए 4 विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं। मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 2022 में हुए मुकाबले में रबाडा ने 4/33 का शानदार प्रदर्शन किया था। उनकी गेंदबाजी की बदौलत PBKS ने GT को 20 ओवर में 143/8 के स्कोर पर रोक दिया था। PBKS ने बाद में 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी।
#2
हर्षल पटेल - 3/15, IPL 2024
हर्षल पटेल ने मुल्लांपुर में GT के खिलाफ PBKS के लिए एक और शानदार गेंदबाजी की। हालांकि, PBKS को मैच में हार मिली थी। वह 142 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जिसमें स्पिनर साई किशोर ने 4 विकेट लिए थे। हर्षल की गेंदबाजी ने GT को एक समय 103/5 पर ला दिया था, लेकिन उन्होंने आखिरी ओवर में 3 विकेट से जीत हासिल की। PBKS के तेज गेंदबाज ने 3 ओवर में 3/15 के आंकड़े दर्ज किए थे।
#3
विजय वैशाक - 3/34, IPL 2026
GT के खिलाफ PBKS की ओर से तीसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज प्रदर्शन अब विजय वैशाक के नाम दर्ज हो गया है। उन्होंने मैच में ग्लेन फिलिप्स (25), वाशिंगटन सुदर (18) और शाहरुख खान (4) को आउट कर GT को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। यह उनका IPL में दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी रहा है। उनके अब IPL में 17 मैचों में 20 विकेट हो गए हैं।