IPL: अभिषेक शर्मा ने ट्रेविस हेड को कहा शुक्रिया, बताई उनके योगदान की अहमियत
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी एक साथ बल्लेबाजी करते हुए नजर नहीं आएगी। दरअसल, आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने खुद IPL छोड़ने का फैसला लिया है, क्योंकि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और परिवार को प्राथमिकता देना चाहते हैं। अब भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के अपने जोड़ीदार हेड का आभार व्यक्त किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा है।
आंकड़े
अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर आभार किया व्यक्त
अभिषेक ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, 'हर चीज के लिए धन्यवाद हेडी।'
अभिषेक और हेड ने मिलकर एक आक्रामक ओपनिंग जोड़ी बनाई थी, जो शिखर धवन और डेविड वार्नर के बाद SRH के लिए दूसरी सबसे सफल जोड़ी है।
क्रिकइंफो के मुताबिक, इस जोड़ी ने 42 पारियों में 46.14 की उम्दा औसत से 1,892 रन बनाए हैं। इस बीच 6 शतकीय और 9 अर्धशतकीय साझेदारी देखने को मिली थी।
धवन-वार्नर ने 2,357 रन बनाए थे।
आंकड़े
ऐसे हैं हेड के SRH के लिए आंकड़े
हेड को IPL 2024 से पहले हुई नीलामी में SRH ने 6.8 करोड़ रुपये में खरीदा था।
SRH के साथ अपने पहले ही सीजन में उन्होंने 191.55 की स्ट्राइक रेट और 40+ औसत से 567 रन बनाकर खुद को एक उपयोगी खिलाड़ी साबित किया था।
इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने SRH के लिए 43 मैचों में 176.14 के स्ट्राइक रेट और लगभग 33 के औसत से 1,351 रन बनाए। वह अपने IPL करियर में 1,556 रन बना चुके हैं।
बयान
SRH का साथ छोड़ने को लेकर क्या बोले थे हेड?
IPL 2027 में न खेलने के अपने फैसले के बारे में बात करते हुए हेड ने कहा कि वह अपने परिवार के लिए काम और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
फ्रेंचाइजी द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक पोस्ट में हेड ने कहा, 'सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 3 शानदार साल बिताने के बाद मैं इस सफर से जुड़े सभी लोगों को दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। यह एक बेहद मुश्किल फैसला था।'
रिटेन
SRH ने इन खिलाड़ियों को किया रिटेन
SRH ने रिटेंशन की समय सीमा से पहले ट्रेड के जरिए टी नटराजन, खलील अहमद और नाथन एलिस को अपनी टीम में शामिल किया था।
SRH द्वारा रिटेन किए गए खिलाड़ी: खलील अहमद (ट्रेड), नाथन एलिस (ट्रेड), टी नटराजन (ट्रेड), स्मरण रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, पैट कमिंस, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ब्रायडन कार्स, क्रेन्स फुलेत्रा और शिवम कुमार।