IPL 2026: KKR की टीम में शामिल किए गए सौरभ दुबे कौन हैं?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है। इस बीच खबर है कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी टीम में सौरभ दुबे को शामिल किया है। क्रिकबज के मुताबिक, आकाश दीप की जगह पर सौरभ को टीम में जोड़ा गया है। बता दें कि आकाश पीठ के निचले हिस्से में हुई स्ट्रेस इंजरी के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। इस बीच सौरभ के बारे में विस्तार से जानते हैं।
आंकड़े
सौरभ ने खेले हैं सिर्फ 3 टी-20 मैच
सौरभ एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो घरेलू क्रिकेट में विदर्भ का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने अब तक 8 लिस्ट-A मैच और 3 टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में 23.31 की औसत और 5.79 की इकॉनमी रेट के साथ 16 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 26 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। टी-20 क्रिकेट में वह कोई विकेट नहीं ले सके हैं।
नीलामी
नीलामी में नहीं मिला था कोई खरीदार
सौरभ को IPL 2026 से पहले हुई छोटी नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था। उन्होंने अपना बेस प्राइस 30 लाख रुपये किया था। 28 साल के इस तेज गेंदबाज़ को IPL 2022 की नीलामी में 20 लाख रुपये में खरीदा गया था, जिसके बाद वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का हिस्सा बने थे, लेकिन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। ऐसे में उनका IPL डेब्यू अभी बाकी है।
आंकड़े
इमर्जिंग एशिया कप में खेले थे सौरभ दुबे
सौरभ बांग्लादेश में हुए 2019 ACC इमर्जिंग टीम्स एशिया कप के लिए भारत की टीम का भी हिस्सा थे। उस टूर्नामेंट में सौरभ ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 3 मैचों में 18.57 की उम्दा औसत और 5.65 की इकॉनमी रेट के साथ 7 विकेट लिए थे। इस बीच उन्होंने एक मैच में 4 विकेट भी चटकाए थे। वह भारतीय टीम से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
जानकारी
पहले चरण में 29 मार्च को अपना पहला मैच खेलेगी KKR
IPL 2026 में KKR अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मैच से करेगी। इसके बाद KKR 2 अप्रैल को SRH से और 6 अप्रैल को PBKS से भिड़ेगी। वहीं, 9 अप्रैल को KKR का सामना LSG से होगा।