IPL 2026: CSK में शामिल हुए कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील हैडली नोरोन्हा कौन हैं?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बचे हुए मैचों के लिए चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील हैडली नोरोन्हा को अपने साथ जोड़ा है। दरअसल, उन्हें चोटिल रामकृष्ण घोष की जगह पर टीम से जोड़ा गया है। भले ही अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने क्रिकबज से इसकी पुष्टि की है। ऐसे में जल्द ही औपचारिक ऐलान होने की उम्मीद है।
प्रदर्शन
नोरोन्हा ने महाराजा ट्रॉफी में किया था प्रभावित
24 साल के नोरोन्हा ने महाराजा ट्रॉफी में मैंगलोर ड्रैगन्स के लिए 2025 के जबरदस्त ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। उन्होंने 13 मैचों में 148.82 की स्ट्राइक-रेट से 253 रन बनाए थे, जिसमें 19 छक्के भी शामिल थे। नोरोन्हा ने इस टूर्नामेंट में ऑफस्पिन गेंदबाजी भी की थी। उन्होंने 7.44 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए थे। गेंदबाजी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25 रन देकर 2 विकेट लेना रहा था।
टी-20
नोरोन्हा ने खेले हैं सिर्फ 3 टी-20 मैच
नोरोन्हा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 के जरिए अपने टी-20 क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। अब तक उन्होंने सिर्फ 3 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें 19.33 की औसत और 161.11 की स्ट्राइक रेट के साथ 58 रन बनाए हैं। इस बीच 34 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने एक ही विकेट लिया है। उन्होंने अब तक प्रथम श्रेणी मैच और लिस्ट-A मैच नहीं खेला है।