IPL 2026: SRH ने DC को हराते हुए अपनी चौथी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 47 रन से हराते हुए अपनी चौथी जीत दर्ज की। राजीव गांधी स्टेडियम में हुए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 242/2 का स्कोर बनाया, जिसमें अभिषेक शर्मा का शतक (135*) शामिल रहा। जवाब में DC की टीम नितीश राणा (57) की पारी के बावजूद 195/9 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
SRH से ट्रेविस हेड (37) और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़े। अच्छी शुरुआत के बाद ईशान किशन (25) और हेनरिक क्लासेन (37*) ने उपयोगी योगदान दिया, जबकि अभिषेक ने शतक लगाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में DC से पथुम निसंका (8) के जल्दी आउट होने के बाद केएल राहुल (37), नितीश राणा (57) और समीर रिजवी (41) ने संघर्ष दिखाया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
अभिषेक
अभिषेक ने अपना दूसरा IPL शतक लगाया
अभिषेक ने पारी के 5वें ओवर में नितीश राणा के खिलाफ 3 छक्के लगाए। इस सलामी बल्लेबाज ने हैदराबाद के मैदान पर सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस पारी के दौरान उन्होंने हेड (37) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। आक्रामक खेलते हुए अभिषेक ने 47 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। इस बीच उन्हें कुछ जीवनदान भी मिले। वह 68 गेंदों में 135 रन बनाकर नाबाद रहे।
उपलब्धि
टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक शतक वाले भारतीय बने अभिषेक
अभिषेक का यह टी-20 क्रिकेट में कुल 9वां शतक साबित हुआ। वह अब टी-20 क्रिकेट में भारत की ओर से संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने दिग्गज विराट कोहली (9 शतक) की बराबरी की। भारतीय खिलाड़ियों में अभिषेक और कोहली के बाद रोहित शर्मा ने 8 शतक लगाए हैं। अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने टी-20 क्रिकेट में अपने 350 छक्के भी पूरे किए।
क्लासेन
क्लासेन ने पूरे किए अपने 100 IPL छक्के
उम्दा फॉर्म में चल रहे क्लासेन ने 13 गेंदों में 284.62 की स्ट्राइक रेट के साथ नाबाद 37 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 3 चौके और इतने ही छक्के भी लगाए। अपनी इस पारी के दौरान क्लासेन ने अपने IPL में 100 छक्के भी पूरे किए। IPL 2026 में क्लासेन ने 7 पारियों में 53.33 की औसत और 153.11 की स्ट्राइक रेट के साथ 320 रन बनाए हैं।
राणा
नितीश राणा ने लगाया अर्धशतक
नितीश ने अपने IPL करियर का 21वां और SRH के खिलाफ 5वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। DC को 243 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 21 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए राणा ने विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल (37) के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 86 रन की अहम साझेदारी निभाई।
गेंदबाजी
ईशान मलिंगा ने लिए 4 विकेट
ईशान मलिंगा ने अपने दूसरे ओवर की शुरुआती 2 गेंदों पर विकेट हासिल किए। इस श्रीलंकाई गेंदबाज ने अपनी पहली गेंद पर नितीश राणा को और दूसरी गेंद पर डेविड मिलर को आउट किया। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स को पवेलियन की राह दिखाई। अपने चौथे ओवर में दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने आशुतोष शर्मा को आउट किया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 32 रन देते हुए 4 विकेट लिए।
जानकारी
हर्ष दुबे ने लिए 3 विकेट
आखिरी ओवरों के दौरान गेंदबाजी के लिए आए SRH के हर्ष दुबे ने 3 विकेट चटकाए। उन्होंने 2 ओवर में 12 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की।
ट्विटर पोस्ट
तालिका में तीसरी पायदान पर पहुंची SRH
ISHAN KISHAN LEADS THE SRH TEAM WELL IN THE 1ST HALF OF THE SEASON.
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) April 21, 2026
- No Cummins and leading SRH for the first time, Kishan did a great job. 3rd consecutive victory for SRH, a superb stage set for Cummins to come and take over. 👏 pic.twitter.com/hJcVaNYPXi