
IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स में ही बने रहेंगे संजू सैमसन- रिपोर्ट
क्या है खबर?
हाल ही में एक खबर आई थी कि संजू सैमसन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन में राजस्थान रॉयल्स (RR) का साथ छोड़ सकते हैं। उनके चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) या कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ जाने की संभावना जताई जा रही थी। अब ताजा खबर के मुताबिक, सैमसन आगामी सीजन में भी RR की टीम में बरकरार रहने वाले हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
RR नहीं करेगी सैमसन का ट्रेड
टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक सूत्र के हवाले से कहा, "RR ने फिलहाल सैमसन या अपने किसी भी खिलाड़ी को ट्रेड नहीं करने का फैसला किया है। सैमसन रॉयल्स टीम का अभिन्न अंग हैं और टीम के निर्विवाद कप्तान हैं।" 30 वर्षीय सैमसन का RR के साथ एक दशक से भी पुराना रिश्ता है। इस खिलाड़ी ने 2013 में पहली बार RR के लिए खेला था। 2016 और 2017 सीजन को छोड़कर तब से वह RR के साथ हैं।
प्रदर्शन
IPL 2025 में ऐसा रहा था सैमसन का प्रदर्शन
IPL 2025 में सैमसन ने 9 पारियों में 35.62 की औसत और 140.39 की स्ट्राइक रेट से 285 रन बनाए। इस बीच उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला था। 9 मुकाबलों में सैमसन के आंकड़े इस प्रकार रहे:- 66 (37 गेंद), 13 (11 गेंद), 20 (16 गेंद), 38 (26 गेंद), 41 (28 गेंद), 15 (19 गेंद), 31 (19 गेंद), 20 (16 गेंद) और 41 (31 गेंद) . IPL 2024 में उन्होंने 16 मैच में 531 रन बनाए थे।
जानकारी
निराशाजनक रहा था RR का प्रदर्शन
IPL 2025 में RR का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। सैमसन चोट के चलते कुछ मैच नहीं खेले थे और रियान पराग ने टीम की कप्तानी की थी। RR ने पिछले सीजन में सिर्फ 4 मैच जीते थे।
करियर
शानदार रहा है सैमसन का IPL करियर
सैमसन ने साल 2013 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह 176 मैच की 172 पारियों में लगभग 31 की औसत और 139.05 की स्ट्राइक रेट से 4,704 रन बना चुके हैं। इसमें 3 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 119 रहा है। वह IPL में 19 बार नाबाद भी रहे हैं। कप्तान के तौर पर सैमसन अब तक RR को ट्रॉफी नहीं दिला पाए हैं।