IPL 2026: SRH ने MI को हराते हुए अपनी छठी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 41वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 6 विकेट से हराया। MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 243/5 का स्कोर बनाया, जिसमें रयान रिकेल्टन का शतक (123*) रहा। जवाब में ट्रेविस हेड (76) और हेनरिक क्लासेन (65*) ने अर्धशतक लगाते हुए SRH को 18.4 ओवर में जीत दिलाई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
विल जैक्स (46) और रिकेल्टन ने MI को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद नमन धीर (22) और हार्दिक पांड्या (31) ने भी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जवाब में अभिषेक शर्मा (45) और हेड ने पावरप्ले में 92 रन जोड़ते हुए जोरदार शुरुआत दिलाई। सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद क्लासेन ने संघर्ष दिखाकर जीत दिलाई। आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी के लिए आए सलिल अरोरा ने 10 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए।
रयान रिकेल्टन
रयान रिकेल्टन ने MI की ओर से सबसे तेज शतक लगाया
रिकेल्टन ने 44 गेंदों में शतक पूरा किया। वह अब MI की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने सनथ जयसूर्या और तिलक वर्मा का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि जयसूर्या ने 2008 में CSK के खिलाफ (45 गेंद) और तिलक ने 2026 में GT के विरुद्ध (45 गेंद) तेज शतक लगाए थे। इस सूची में कैमरून ग्रीन भी शामिल है। इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 2023 में SRH के खिलाफ 47 गेंदों में शतक जड़ा था।
रिकॉर्ड
MI से सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने रिकेल्टन
रिकेल्टन अब MI की ओर से सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने जयसूर्या (114*) का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। वह IPL 2026 में MI की ओर से शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। बता दें कि तिलक और क्विंटन डिकॉक इस सीजन में MI से खेलते हुए शतक लगा चुके हैं। रिकेल्टन ने इस सीजन में अब तक 6 मैचों की 6 पारियों में 250 से अधिक रन बनाए हैं।
हेड
हेड ने IPL करियर का 9वां अर्धशतक लगाया
हेड को 2 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पहला जीवनदान मिला। पारी का तीसरा ओवर करने आए ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर नमन धीर ने हेड का कैच छोड़ा। इसके बाद हेड ने आक्रामक बल्लेबाजी की और 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 30 गेंदों में 4 चौकों और 8 छक्कों की बदौलत 76 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अभिषेक (45) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की।
जानकारी
MI ने अपना तीसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया
MI ने IPL के इतिहास में अपना तीसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। बता दें कि MI के 2 सबसे बड़े स्कोर 247/9 बनाम DC (2024) और 246/5 बनाम SRH (2024) हैं।
क्लासेन
क्लासेन ने खेली उम्दा पारी
SRH ने जब 129 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब क्लासेन क्रीज पर आए। उन्होंने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की और विपक्षी टीम के हर गेंदबाज की जमकर खबर ली। उन्होंने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर कवर के ऊपर से शानदार छक्का भी लगाया। इस प्रोटियाज बल्लेबाज ने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने नितीश रेड्डी (21) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की।
रिकॉर्ड्स
मैच में बने ये अन्य रिकॉर्ड्स
SRH ने MI के खिलाफ सबसे बड़ा रन-चेज हासिल किया। MI ने वानखेड़े स्टेडियम में लगातार चौथी हार झेली। यह पहला मौका है, जब MI ने अपने घरेलू मैदान पर लगातार 4 मैचों में शिकस्त झेली है। यह सिर्फ दूसरा ऐसा मैच है, जिसमें MI ने 200+ रन के स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव नहीं किया है। इससे पहले 2025 में PBKS के खिलाफ मैच में भी MI की टीम 200+ रन बनाने के बावजूद हारी थी।
ट्विटर पोस्ट
MI को मिली छठी हार
SUNRISERS HYDERABAD - THE FORCE OF IPL 2026 🥶 pic.twitter.com/QYlFxW8TC7
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 29, 2026