IPL 2026: रयान रिकेल्टन MI से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 41वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के रयान रिकेल्टन ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शतकीय पारी (123*) खेली। यह उनके IPL करियर का पहला शतक रहा। इस बीच उन्होंने विल जैक्स (46) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की। उनकी पारी की बदौलत MI ने 243/5 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही रिकेल्टन की पारी
रिकेल्टन ने पारी का दूसरा ओवर करने आए प्रफुल हिंगे के खिलाफ बेहतरीन छक्का लगाकर अच्छी लय के संकेत दिए। उन्होंने बल्लेबाजी के लिए अनुकूल नजर आ रही वानखेड़े की पिच पर आकर्षक शॉट लगाए और 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 44 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 55 गेंदों में 123 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए।
रिकॉर्ड
MI की ओर से सबसे तेज शतक
रिकेल्टन अब MI की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने सनथ जयसूर्या और तिलक वर्मा का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि जयसूर्या ने 2008 में CSK के खिलाफ (45 गेंद) और तिलक ने 2026 में GT के विरुद्ध (45 गेंद) तेज शतक लगाए थे। इस सूची में कैमरून ग्रीन भी शामिल है। इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 2023 में SRH के खिलाफ 47 गेंदों में शतक जड़ा था।
शतक
इस सीजन में MI से शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज
रिकेल्टन ने इस सीजन में अब तक 6 मैचों की 6 पारियों में 250 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने KKR के खिलाफ मैच में 81 रन की पारी खेली थी। वह IPL 2026 में MI की ओर से शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। बता दें कि तिलक और क्विंटन डिकॉक इस सीजन में MI से खेलते हुए शतक लगा चुके हैं।
जानकारी
MI से सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने रिकेल्टन
रिकेल्टन अब MI की ओर से सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने जयसूर्या (114*) का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।
आंकड़े
ऐसा है रिकेल्टन का IPL करियर
रिकेल्टन ने पिछले साल अपने IPL करियर का आगाज किया था। उन्होंने 20 मैच खेले हैं, जिसकी 20 पारियों में 36 की औसत और 162.00 की स्ट्राइक रेट से 648 रन बनाने में सफल रहे हैं। यह उनका पहला शतक है। वह 4 अर्धशतक भी अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 29 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 741 रन बनाए हैं। इसमें 4 अर्धशतक शामिल है।