IPL 2026: मिचेल मार्श ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 300 छक्के, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 5वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 35 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 28 गेंदों का सामना किया और 2 चौकों के साथ 3 छक्के भी जड़े। पारी का पहला छक्का लगाते ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 300 छक्के पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 66वें बल्लेबाज बने हैं। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही मार्श की पारी?
मार्श ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 19 रन के कुल स्कोर पर LSG के कप्तान ऋषभ पंत (7) आउट हो गए। मार्श और एडन मार्करम (11) ने दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े। हालांकि, उसके बाद टीम का स्कोर 65/4 हो गया। एक छोर पर डटे मार्श भी 10वें ओवर में 75 के स्कोर पर आउट हो गए। DC के स्पिनर कुलदीप यादव ने मार्श का विकेट लिया। टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के क्रिस गेल (1,056) ने लगाए हैं।
करियर
कैसा रहा है मार्श का टी-20 करियर?
मार्श ने 2009 में टी-20 करियर का आगाज किया था। वह अब तक 234 मैचों की 221 पारियों में 33.35 की औसत और 138 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 6,038 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें 37 अर्धशतक और 4 शतक शामिल है। उनके बल्ले से 302 छक्के और 478 चौके निकले हैं। उन्होंने 56 IPL मैचों में 1,327 रन बनाए हैं। इसमें 9 अर्धशतक और 1 शतक शामिल है। इस लीग में उन्होंने 78 छक्के जड़े हैं।