IPL 2026: DC ने LSG को हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 5वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से हराया। इकाना स्टेडियम में हुए मैच में LSG ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 141 रन बनाए। जवाब में DC ने समीर रिजवी की अर्धशतकीय पारी (70*) की मदद से 18वें ओवर के दौरान लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती DC की टीम
LSG ने 65 रन के स्कोर तक ऋषभ पंत (7), एडेन मार्करम (11), आयुष बडोनी (0) और निकोलस पूरन (8) के विकेट गंवा दिए। अब्दुल समद (36) और मिचेल मार्श (35) को छोड़कर अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम सिमट गई। जवाब में DC ने 26 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। मुश्किल घड़ी में रिजवी और स्टब्स ने शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। स्टब्स 39 रन बनाकर नाबाद रहे।
मार्श
मार्श ने पूरे किए अपने 300 टी-20 छक्के
मार्श ने DC के खिलाफ 35 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 28 गेंदों का सामना किया और 2 चौकों के साथ 3 छक्के भी जड़े। पारी का पहला छक्का लगाते ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 300 छक्के पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 66वें बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के क्रिस गेल (1,056) ने लगाए हैं।
गेंदबाजी
नटराजन और एनगिडी ने लिए 3-3 विकेट
टी नटराजन ने अपने 4 ओवर के कोटे में 29 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। उन्होंने आयुष बडोनी, अब्दुल समद और मोहम्मद शमी को आउट किया। लुंगी एनगिडी ने 3.4 ओवर में 27 रन देते हुए 3 विकेट लिए। इस दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने निकोलस पूरन, मोहसिन खान और एनरिक नोर्खिया को पवेलियन की राह दिखाई। इ नके अलावा कुलदीप यादव ने अपने 4 ओवर में 31 रन देते हुए 2 विकेट लिए।
रिजवी
रिजवी ने लगाया अर्धशतक
इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे समीर रिजवी ने प्रभावशाली बल्लेबाजी की। शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी करने वाले रिजवी ने 37 गेंदों में IPL में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने स्टब्स के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए उपयोगी साझेदारी करते हुए पारी को स्थिरता दी। यह उनके IPL करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर दर्ज हुआ। वह 47 गेंदों में 70 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए।
मार्श
टी-20 क्रिकेट में कुलदीप ने मार्श को चौथी बार किया आउट
20 ओवर के क्रिकेट में मार्श, रिस्ट-स्पिनर कुलदीप के सामने कुल चौथी बार आउट हुए। कुलदीप के विरुद्ध इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 6 पारियों में 33 गेंदों पर 49 रन बनाए हैं। क्रिकइंफो के अनुसार, इस दौरान उनका औसत 12.25 और स्ट्राइक रेट 148.48 का रहा। वहीं, IPL में कुलदीप ने 3 पारियों में से मार्श को एक बार आउट किया है।
ट्विटर पोस्ट
ऐसी है अंक तालिका
Rajasthan Royals - Top of the points table.
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 1, 2026
Chennai Super Kings - Last in the Points table. pic.twitter.com/jua6ESFm5i