IPL 2026: क्रुणाल पांड्या का SRH के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज एक धमाकेदार मुकाबले से होने जा रहा है, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने होंगी। 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला रोमांच की सारी हदें पार कर सकता है। पिछले फाइनल के नायक और मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे क्रुणाल पांड्या पर इस बार भी सबकी नजरें टिकी हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि SRH के खिलाफ उनके आंकड़े कैसे रहे हैं।
बल्लेबाज
बल्लेबाज के तौर पर ऐसे हैं क्रुणाल के आंकड़े
क्रुणाल ने SRH के खिलाफ 16 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 23.72 की औसत से 261 रन बनाए हैं, जो उनके संतुलित प्रदर्शन को दर्शाता है। उन्होंने 149.14 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। जो यह दर्शाता है कि वह तेजी से रन बनाने में भी माहिर हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 13 छक्के जड़े हैं, जबकि 49* रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। क्रुणाल मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का भी हिस्सा रहे हैं।
गेंदबाजी
बतौर गेंदबाज भी छाए हैं क्रुणाल
क्रुणाल ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से भी SRH के खिलाफ कई यादगार प्रदर्शन किए हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 24.75 की औसत से 12 विकेट चटकाए हैं, जो उनके नियंत्रण और प्रभाव को दिखाता है। 7.58 की किफायती इकॉनमी रेट उनके अनुशासन को और मजबूत बनाती है। IPL 2023 में उन्होंने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट झटके थे। उस मैच में उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था।
करियर
ऐसा रहा है क्रुणाल का IPL करियर
क्रुणाल ने अब तक 142 मुकाबले खेले हैं और 22.22 की औसत से 1,756 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनकी स्ट्राइक रेट 132.42 की रही है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 7.46 की इकॉनमी रेट से 93 विकेट अपने नाम किए हैं। पिछले संस्करण क्रुणाल ने 8.23 की इकॉनमी से 17 विकेट लिए थे। उन्होंने 73* रन की एक शानदार पारी भी खेली थी।