IPL 2026: गुजरात टाइटंस ने विजय दहिया को अपना सहायक कोच बनाया
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है। आगामी सीजन के लिए गुजरात टाइटंस (GT) ने विजय दहिया को अपना सहायक कोच नियुक्त किया है। बीते मंगलवार को GT ने मैथ्यू हेडन को कोचिंग स्टॉफ में शामिल किया था। हेडन के ठीक बाद दहिया इस टीम से जुड़े हैं। इससे पहले दहिया लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ भी कोचिंग कर चुके हैं।
कोचिंग
दिल्ली और लखनऊ के साथ काम कर चुके हैं दहिया
2019 में दहिया को दिल्ली कैपिटल्स (DC) का टैलेंट स्काउट प्रमुख बनाया गया था। उनका काम DC के लिए नई प्रतिभाओं को ढूंढकर लाना था। इसके बाद वह सहायक कोच के तौर पर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) में चले गए थे। उन्होंने 2022 में LSG की शुरुआत से ही एंडी फ्लावर के नेतृत्व वाले सपोर्ट स्टाफ में काम किया, लेकिन IPL 2024 सीजन से पहले वे टीम से अलग हो गए थे।
करियर
भारत से वनडे और टेस्ट खेल चुके हैं दहिया
पूर्व विकेटकीपर खिलाड़ी दहिया भारत की ओर से 2 टेस्ट और 19 वनडे मैच खेल चुके थे। उन्होंने इकलौती टेस्ट पारी में नाबाद 2 रन बनाए थे। इसके अलावा 15 वनडे पारियों में उन्होंने 16.61 की औसत और 80.89 की स्ट्राइक रेट के साथ 216 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था। वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की टीम का प्रतिनिधित्व करते थे।
शेड्यूल
PBKS के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी GT
IPL 2026 के प्रथम चरण के शेड्यूल की घोषणा हो चुकी है, जिसमें GT अपना पहला मैच 31 मार्च को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद GT अपना दूसरा मैच 4 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (RR) के विरुद्ध खेलेगी। GT अपने तीसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स से 8 अप्रैल को और चौथे मैच में 12 अप्रैल को LSG से भिड़ेगी। पहले चरण के शेड्यूल में GT अपने 4 मैच ही खेलेगी।