IPL 2026: CSK ने DC को हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 23 रन से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। एमए चिदंबरम स्टेडियम में संजू सैमसन के शतक (112*) की मदद से CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए। जवाब में DC की टीम पूरे ओवर खेलने के बावजूद 189/10 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
CSK से रुतुराज गायकवाड़ (15) के आउट होने के बाद संजू सैमसन ने शतक (115*) लगाया। उनके अलावा आयुष म्हात्रे ने अर्धशतक (59) लगाया। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 10 गेंदों में 20 रन बनाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में पथुम निसांका (41) और केएल राहुल (18) ने 61 रन की साझेदारी की। इसके बाद DC ने निरंतर विकेट गंवाए और इस बीच ट्रिस्टन स्टब्स (60) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
सैमसन
सैमसन ने IPL में अपना चौथा शतक लगाया
पारी की शुरुआत करते हुए सैमसन ने दूसरे ओवर में मुकेश कुमार के खिलाफ लगातार 2 चौके लगाए। उन्होंने एमए चिदंबरम स्टेडियम में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने कप्तान गायकवाड़ के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 62 रन और म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। उन्होंने 52 गेंद में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। सैमसन 56 गेंदों में 115 रन बनाकर नाबाद रहे।
शतक
IPL में 5वें सबसे ज्यादा शतक वाले बल्लेबाज बने सैमसन
सैमसन अब IPL में 5वें सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले (संयुक्त रूप से) बल्लेबाज बने हैं। उनसे ज्यादा शतक सिर्फ विराट कोहली (8), जोस बटलर (7), क्रिस गेल (6) और केएल राहुल (5) हैं। बता दें कि सैमसन के अलावा डेविड वार्नर, शुभमन गिल, और शेन वॉटसन ने लीग में 4-4 शतक लगाए हैं। इस सूची में पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स ने 3 शतक अपने नाम किए हैं।
म्हात्रे
आयुष म्हात्रे ने लगाया अर्धशतक
युवा बल्लेबाज म्हात्रे ने अपने IPL करियर का तीसरा और DC के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाया। CSK को पहले बल्लेबाजी करते हुए 62 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा था, तब म्हात्रे क्रीज पर आए थे। उन्होंने सैमसन के साथ मिलकर 68 गेंदों में 113 रन की साझेदारी निभाई। अच्छी लय में नजर आ रहे म्हात्रे 36 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए।
स्टब्स
ट्रिस्टन स्टब्स ने लगाया अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करते हुए DC ने 76 रन के स्कोर पर जब अपना चौथा विकेट खोया, तब स्टब्स क्रीज पर आए। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और अपने शुरुआती 12 गेंदों में 13 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने अपनी रन गति में इजाफा किया और मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए। इस प्रोटियाज बल्लेबाज ने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 38 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुए।
जेमी ओवरटन
जेमी ओवरटन ने लिए 4 विकेट
जेमी ओवरटन ने अपने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर समीर रिजवी को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। अपने दूसरे ओवर में इस इंग्लिश गेंदबाज ने अनुभवी डेविड मिलर को बोल्ड किया। इसके बाद उन्होंने आकिब नबी और स्टब्स के विकेट चटकाए। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने 4 ओवर में 18 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की। उन्होंने 4.50 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की।
ट्विटर पोस्ट
ऐसी है अंक तालिका
CHENNAI SUPER KINGS IS CURRENTLY NOT LAST IN THE POINTS TABLE 🤞⭐ pic.twitter.com/hZmuNogFLJ
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 11, 2026