LOADING...
IPL 2025: MI बनाम LSG मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'
सूर्यकुमार यादव ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: MI बनाम LSG मैच में ये खिलाड़ी रहा 'प्लेयर ऑफ द डे'

Apr 27, 2025
08:07 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 45वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) को 54 रन से हराते हुए लगातार 5वीं जीत दर्ज की। वानखेड़े स्टेडियम में जीत के लिए मिले 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए LSG की टीम 161 रन पर ही सिमट गई। इस जीत में सूर्यकुमार यादव ने अहम भूमिका निभाई। वह हमारे लिए 'प्लेयर ऑफ द डे' रहे। आइए उनकी पारी के बारे में जानते हैं।

पारी 

शानदार रही सूर्यकुमार की पारी 

सूर्यकुमार ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए IPL करियर का 27वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 28 गेंदों का सामना किया और 54 रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर आउट हुए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 शानदार छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 192.86 की रही। सूर्यकुमार ने इस संस्करण LSG के खिलाफ लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया है। इससे पहले उन्होंने IPL 2025 के 16वें मुकाबले में 67 रन की पारी खेली थी।

आंकड़े 

सूर्यकुमार ने पूरे किए अपने 4,000 IPL रन 

अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान सूर्यकुमार ने अपने 4,000 IPL रन पूरे किए। वह IPL में 4,000 रन पूरे करने वाले कुल 17वें बल्लेबाज बने हैं। सूर्यकुमार की स्ट्राइक रेट 146 से ऊपर है, जो 4,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सबसे बेहतर है। विश्व के बल्लेबाजों की बात करें तो इस सूची में उनसे आगे केवल एबी डिविलियर्स (151.68) और क्रिस गेल (148.96) ही हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती MI की टीम 

MI से रयान रिकेल्टन (58) और सूर्यकुमार यादव (54) ने अर्धशतक लगाए। वहीं आखिरी ओवरों के दौरान नमन धीर (25 *) और कोर्बिन बॉश (20) ने टीम का स्कोर 215/7 तक पहुंचाया। जवाब में मिचेल मार्श (34) और निकोलस पूरन (27) ने शीर्षक्रम में तेज बल्लेबाजी की। उनके अलावा मध्यक्रम में बडोनी (35) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। MI से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए।